अहमदाबाद। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए भारतीय डाक विभाग ने अभी से तैयारियाँ आरंभ कर दी हैं। भाई-बहन के स्नेह के प्रतीक राखी को सुरक्षित, आकर्षक और समयबद्ध ढंग से गंतव्य तक पहुँचाने के उद्देश्य से उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने डिजाइनर राखी कवर एवं राखी गिफ्ट बॉक्स डाकघरों से बिक्री के लिए जारी किये। ये विशेष राखी लिफाफे और राखी गिफ्ट बॉक्स उत्तर गुजरात के अंतर्गत अहमदाबाद, गांधीनगर, महेसाणा, अरावली, साबरकांठा, बनासकांठा और पाटन जिलों के सभी प्रधान डाकघर, उप डाकघर और सुदूर गाँवों में स्थित शाखा डाकघरों में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। इन्हें रेलवे मेल सर्विस के काउंटर्स द्वारा भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जायेगा।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि तीन विभिन्न डिजाइन में उपलब्ध ये राखी लिफाफे वाटर रेसिस्टेंट (जलरोधी) हैं, बारिश के संपर्क में आने पर खराब नहीं होंगे। 11 सेमी X 22 से.मी. आकार के इन लिफाफों का मूल्य ₹10 मात्र है जो डाक शुल्क के अतिरिक्त है। इसके अलावा 3 विभिन्न साइज (250 ग्राम, 500 ग्राम और एक किलोग्राम) के राखी गिफ्ट बॉक्स भी काउंटर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराये जा रहे हैं, जिनका मूल्य क्रमश: 35, 40 और 50 रूपये है। इसके माध्यम से राखी के साथ मिठाई और गिफ्ट भी इण्डिया पोस्ट पार्सल से देश-विदेश में भेजे जा सकते हैं। राखी लिफाफे और बॉक्स की आकर्षक डिजाइन में भारतीय डाक का लोगो और रक्षाबंधन की पारंपरिक भावना को दर्शाते हुए राखी, पुष्प, पूजा थाल, तथा भाई-बहन के स्नेहपूर्ण संबंध का मनमोहक चित्रांकन किया गया है। रंगीन और डिजाइनर होने की वजह से उन्हें अन्य डाक और पार्सल से अलग करने में समय की बचत और रक्षाबन्धन पर्व के पूर्व वितरण करने में भी सहूलियत होगी। राखी पोस्ट की स्पेशल बुकिंग के साथ-साथ नेशनल सॉर्टिंग हब और पार्सल हब में त्वरित सॉर्टिंग के भी प्रबंध किये गए हैं।इंटरनेशनल ट्रैक पैकेट सेवा के माध्यम से विदेशों में किफायती दामों पर राखी पोस्ट भेजी जा सकती है।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि बहनों को राखी भेजने में समस्या न हो, ऐसे में अहमदाबाद के शाहीबाग में स्पीड पोस्ट भवन स्थित नेशनल सॉर्टिंग हब, मणिनगर रेलवे स्टेशन, नवरंगपुरा प्रधान डाकघर, हिम्मतनगर और महेसाणा के प्रधान डाकघर एवं आर.एम.एस काउंटर्स के साथ-साथ गुजरात में राजकोट, सूरत और वडोदरा आर.एम.एस के काउंटर्स पर 24 घंटे डाक बुकिंग की सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है। अहमदाबाद जीपीओ, बिज़नेस डेवेलपमेंट सेल, मानेकबाग डाकघर, रेलवेपुरा डाकघर, डीसा मुख्य डाकघर, पालनपुर प्रधान डाकघर, गांधीनगर प्रधान डाकघर, कलोल प्रधान डाकघर, पाटन प्रधान डाकघर में भी शाम 8 बजे तक बुकिंग सुविधा उपलब्ध है।





