अहमदाबाद। डाक विभाग की युवा-केंद्रित और आधुनिक सेवाओं को शैक्षणिक परिसरों तक पहुंचाने की दिशा में केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया जी के दृष्टिकोण से निर्देशित पहल के तहत गुजरात के सातवें एवं पाटन के प्रथम एन-जेन (नेक्स्ट जेन) थीम आधारित नवीनीकृत हेमचंद्राचार्य उत्तर गुजरात यूनिवर्सिटी डाकघर का उद्घाटन 23 अक्टूबर, 2026 को उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने वाइस चांसलर डॉ. किशोर सी. पोरिया एवं रजिस्ट्रार डॉ. आर.एन देसाई संग शिलापट्ट का अनावरण एवं फीता काटकर किया। इस पहल का उद्देश्य डाकघरों को जीवंत, विद्यार्थी-केंद्रित, प्रौद्योगिकी-सक्षम स्थानों के रूप में फिर से परिकल्पित करना है, जो युवा नागरिकों के साथ प्रतिध्वनित हों। इसमें भारतीय डाक की विश्वसनीयता, व्यापक पहुँच, आधुनिक सेवाओं, युवा जुड़ाव और विरासत का सुंदर मिश्रण देखने को मिलता है। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि गुजरात में आईआईटी गांधीनगर, आईआईएम अहमदाबाद, सरदार वल्लभभाई पटेल एनआईटी सूरत, आनंद कृषि यूनिवर्सिटी, कच्छ यूनिवर्सिटी, गणपत यूनिवर्सिटी, महेसाणा एवं अब हेमचंद्राचार्य उत्तर गुजरात यूनिवर्सिटी, पाटन सहित कुल सात एन-जेन पोस्ट ऑफिस आरम्भ हो गए।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि एन-जेन पहल पारंपरिक डाक सेवाओं को जीवंत, युवा-केंद्रित और डिजिटल रूप से सक्षम सेवा केंद्रों में बदलने के एक व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाती है। एन-जेन पोस्ट ऑफिस युवाओं को आधुनिक सुविधाएँ प्रदान करेगा, जिसमें वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, यूपीआई-आधारित डिजिटल भुगतान, यूथ-केंद्रित कंफर्ट सीटिंग स्पेस, विद्यार्थियों के लिए स्पीड पोस्ट व पार्सल सेवाओं पर 10% की विशेष छूट, ज्ञान पोस्ट, इंटरनेशनल पार्सल बुकिंग, फिलेटली एवं डाकघर बचत सेवाएँ, डाक जीवन बीमा, आधार, आईपीपीबी जैसी वित्तीय सेवाएं शामिल हैं। हेमचंद्राचार्य उत्तर गुजरात यूनिवर्सिटी स्थित यह एन-जेन पोस्ट ऑफिस जेन-जी की जीवनशैली, रुचियों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए मॉडर्न डिजाइन, आकर्षक वातावरण और हाई-टेक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इसके अतिरिक्त, छात्रों के बीच आपसी संवाद और मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए इंडोर गेम्स की सुविधाएँ भी प्रदान की गई हैं।
वाइस चांसलर डॉ. किशोर सी. पोरिया ने कहा कि उत्तर गुजरात में उच्च शिक्षा, अनुसंधान एवं शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देने हेतु वर्ष 1986 में हेमचंद्राचार्य उत्तर गुजरात यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई। ऐसे में यूनिवर्सिटी कैंपस में एन-जेन पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन भारतीय डाक और शैक्षणिक समुदाय के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा। डाकघर का आधुनिक और तकनीक-सक्षम वातावरण विद्यार्थियों की बदलती जरूरतों के अनुरूप सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करेगा।
रजिस्ट्रार डॉ. आर. एन. देसाई ने कहा कि डाक विभाग की सेवाओं से हम सभी का पुराना संबंध रहा है। राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की होने वाली तमाम सेमिनार, कांफ्रेंस के डेलिगेट्स के लिए भी यहाँ से देश-विदेश में शैक्षणिक सामग्री भेजने में आसानी होगी।
पाटन मंडल के अधीक्षक डाकघर श्री आर.ए गोस्वामी ने कहा कि हेमचंद्राचार्य उत्तर गुजरात यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों व निवासियों को उनकी बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाजनक, त्वरित, तकनीक-सक्षम एवं आधुनिक डाक सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर प्रो. मयूर कुमार बी प्रजापति, प्रो.अभी शाह, प्रो. भाविक पटेल और प्रो. मनीषा शर्मा को एन-जेन पोस्ट ऑफिस में नवीनीकरण एवं डिजाइन में सहयोग के लिए पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर डाक अधीक्षक आर ए गोस्वामी, सहायक निदेशक वी एम वहोरा, सहायक अधीक्षक के. बालासुब्रमण्यम, डाक निरीक्षक शाहनवाज घांची, नेहल पटेल, जितेंद्र अदालिया, पोस्टमास्टर आर एल पटेल, आइपीपीबी मैनेजर विष्णु वर्धन सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रोफेसर्स व विद्यार्थी उपस्थित थे।.




