
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने 14 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए
मुंबई। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार मिश्र ने पश्चिम रेलवे के सभी छह मंडलों के 14 कर्मचारियों को सुरक्षित ट्रेन परिचालन में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन द्वारा योगदान देने के लिए सम्मानित किया। इन कर्मचारियों को मार्च एवं अप्रैल, 2023 के दौरान ड्यूटी में उनकी सतर्कता और अप्रिय घटनाओं को रोकने में उनके योगदान और परिणामस्वरूप सुरक्षित ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सम्मानित किया गया। इन 14 कर्मचारियों में से 4-4 कर्मचारी वडोदरा एवं रतलाम मंडल, 2-2 कर्मचारी मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद मंडल तथा 1-1 कर्मचारी राजकोट एवं भावनगर मंडल से हैं। इस बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख विभागाध्यक्ष (PHODs) उपस्थित थे, जबकि सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री सुमित ठाकुर द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार श्री मिश्र ने सम्मानित किए गए कर्मचारियों की सतर्कता की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सभी कर्मचारियों के लिए अनुकरणीय आदर्श हैं। सम्मानित किए गए कर्मचारियों ने संरक्षा के विभिन्न क्षेत्रों जैसे रेल एवं ट्रैक फ्रैक्चर का पता लगाना, पहियों में हेयरलाइन क्रेक का पता लगाना, अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए आपातकालीन ब्रेक लगाना, पुल पर अत्यंत कठिन स्थिति में अलार्म चेन पुलिंग को रिसेट करना, हॉट एक्सल और ब्रेक बाइंडिंग का पता लगाना या गुजरती हुई ट्रेन से लटकती हुई चीजों का पता लगाना आदि जैसे संरक्षा से संबंधित कार्यों को करते हुए ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने में उत्साह और प्रतिबद्धता दिखाई। पश्चिम रेलवे को इन सभी पुरस्कृत कर्मचारियों पर गर्व है जिन्होंने अपनी त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked (*)