अहमदाबाद। भारतीय डाक विभाग द्वारा डाक सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करने तथा विभाग की विभिन्न नागरिक-केंद्रित सेवाओं को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से डाक चौपाल के लिए मोबाइल थिएटर वैन अभियान का शुभारंभ 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नवरंगपुरा हेड पोस्ट ऑफिस में किया गया। इस अवसर पर अहमदाबाद पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री दिनेशभाई मकवाणा ने गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री गणेश वी. सावळेश्वरकर एवं उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव संग डाक चौपाल का शुभारंभ किया और मोबाइल थिएटर वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा के लाभार्थियों को पासबुक व पॉलिसी बॉन्ड भी प्रदान किए। निदेशक डाक सेवाएं सुश्री अनुब्रता दास और अहमदाबाद सिटी मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर श्री शिशिर कुमार भी मंचासीन रहे।
इस अवसर पर सांसद श्री दिनेशभाई मकवाणा ने कहा कि डाक चौपाल के लिए मोबाइल थिएटर वैन अभियान डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को गाँव-गाँव एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में प्रभावी सिद्ध होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास' की सोच के साथ पूरा देश प्रगति और विकास के नए आयाम रच रहा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। समय के साथ डाक सेवाओं में तमाम बदलाव आये हैं और आज डाक विभाग पत्र व पार्सलों के साथ-साथ सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं और इनके लाभों को भी लोगों तक पहुँचा रहा है। यह पहल ‘सरकारी सेवाएँ आपके द्वार’ के तहत विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गुजरात परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल श्री गणेश वी. सावळेश्वरकर ने कहा कि गुजरात परिमंडल के अंतर्गत डाक सेवाओं के विस्तार, आधुनिकीकरण और नागरिक-केंद्रित पहलों को आगे बढ़ाने में निरंतर नए कदम उठाये जा रहे हैं। 'डाक सेवा जन सेवा’ के माध्यम से विभाग आमजन को पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ-साथ वित्तीय सशक्तिकरण व नागरिक केंद्रित सेवाएँ प्रदान करते हुए एक समर्पित सेवा केंद्र की भूमिका निभा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत मोबाइल थिएटर वैन पूरे गुजरात परिमंडल में हर जिले में विभिन्न निर्धारित स्थानों पर पहुँचेगी और प्रत्येक पड़ाव पर डाक चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इस माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं, योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। गुजरात डाक चौपालों के व्यापक आयोजन में देशव्यापी स्तर पर अग्रणी रहा है।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि बदलते परिवेश में वित्तीय समावेशन, डिजिटल इंडिया और अंत्योदय में डाक विभाग अहम भूमिका निभा रहा है। गाँवों से लेकर शहरों तक, दूर-दराज के क्षेत्रों से लेकर देश के अंतिम छोर तक, भारतीय डाक ने लोगों के जीवन में विश्वास, संपर्क और सेवा का एक मजबूत रिश्ता कायम किया है। डाक चौपाल का मूल उद्देश्य है—डाक विभाग को जनता के और करीब लाना तथा जनता को डाक विभाग की सेवाओं से जोड़ना। डाक विभाग देश की सामाजिक व आर्थिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग है। ‘डाकिया डाक लाया’ से ‘डाकिया बैंक लाया’ तक का सफर डाक विभाग की बदलती भूमिका, तकनीकी प्रगति और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर गांधीनगर मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक श्री शुभम डोंगरदीवे, सहायक निदेशक रितुल गाँधी, वारिस वहोरा, सिराज मन्सूरी, एजीएम आईपीपीबी संदीप कुमार, चीफ मैनेजर अभिजीत जीभकाटे, सहायक अधीक्षक अरविन्द रमन, रमेश पटेल, रोनक शाह, निरीक्षक पायल पटेल, नवरंगपुरा सीनियर पोस्टमास्टर श्री एम एल मकवाना, नगर पार्षद आशाबेन ब्रह्मभट्ट, एकताबेन रावल, हेमंत काबरा, रितेश दुधिया सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





