अहमदाबाद। भारतीय डाक विभाग अपनी दूरदर्शी कार्यशैली और ‘डाक सेवा-जन सेवा’ के मूल मंत्र के साथ देश के कोने-कोने तक विश्वसनीय एवं सुलभ सेवाएँ पहुँचाने में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण, दुर्गम एवं सुदूर क्षेत्रों में डाक विभाग ने अपनी मजबूत उपस्थिति के माध्यम से आमजन के विश्वास को अर्जित करते हुए स्वयं को देश की एक सशक्त और प्रभावशाली जनसेवा संस्था के रूप में स्थापित किया है। भारत सरकार की तमाम अग्रणी योजनाओं को डाकघरों के माध्यम से लागू किया गया है। उक्त उद्गार उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने 31 अगस्त 2026 को राजधानी गांधीनगर स्थित गांधीनगर नगर पालिका सभागार में “डाक व्यवसाय विकास एवं वित्तीय समावेशन महामेला” का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ करते हुए व्यक्त किया। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना, बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा, इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के लाभार्थियों को पासबुक व पॉलिसी बॉन्ड प्रदान किए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। गांधीनगर मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक श्री शुभम डोंगारदिवे ने अतिथियों व ग्राहकों सभी का स्वागत किया।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग नई ऊर्जा और उद्देश्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। यह भारत के संचार व लॉजिस्टिक्स तंत्र को आधुनिक बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। डाक विभाग ने वित्तीय समावेशन को समृद्ध करने, डिजिटल कनेक्टिविटी में निरंतर उन्नयन, ग्रामीण लॉजिस्टिक्स का विस्तार करने और नागरिकों की भागीदारी को सशक्त बनाने वाली पहलों के माध्यम से भारत के अंतिम छोर तक डिलीवरी नेटवर्क को और मजबूत किया है। डाक विभाग ने अमेज़ान, फ्लिपकार्ट इत्यादि के साथ साझेदारी के माध्यम से अंतिम छोर तक पार्सल डिलीवरी सेवाओं के लिए ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स तंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग नवीनतम तकनीकों को अपनाकर डिजिटल पहलों एवं आधुनिक सेवाओं के माध्यम से नागरिकों के अनुभव को निरंतर बेहतर बना रहा है। केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया जी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर आईआईटी गांधीनगर में युवाओं हेतु एन-जेन डाकघर आरंभ किया गया है। शहरी क्षेत्र के डाकघरों के साथ-साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शाखा डाकघरों के माध्यम से भी डिजिटल भुगतान जैसी आधुनिक सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नागरिकों को तेज़, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाओं का लाभ मिल रहा है। गाँधीनगर में वित्तीय समावेशन के तहत 403 से अधिक गाँवों को ‘संपूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’, 133 से अधिक गाँवों को ‘संपूर्ण बचत ग्राम’ तथा 130 से अधिक गाँवों को ‘संपूर्ण बीमा ग्राम’ घोषित किया जा चुका है।
गांधीनगर डाक मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक श्री शुभम डोंगारदिवे ने कहा कि इस महामेला का प्रमुख उद्देश्य आमजन को डाकघर से जुड़ी सभी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना है। वर्तमान में गांधीनगर डाक मंडल में वित्तीय समावेशन के तहत कुल 7.67 लाख बचत खाते, 93 हजार से अधिक सुकन्या समृद्धि खाते, 94 हजार से अधिक आईपीपीबी खाते संचालित हैं। गांधीनगर प्रधान डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र के माध्यम से इस वित्तीय वर्ष में 8 हजार से अधिक लोगों ने पासपोर्ट बनवाया। 32 हजार से ज्यादा लोगों ने डाकघर के माध्यम से आधार सेवाएं प्राप्त कीं, वहीं 31 हजार लोगों ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से सीईएलसी के अंतर्गत इसका लाभ उठाया। आधार सेवाओं की निरंतर बढ़ती मांग एवं नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गांधीनगर प्रधान डाकघर एवं कलोल प्रधान डाकघर में आधार सेवाएँ प्रातः 08:00 बजे से शाम 08:00 बजे तक संचालित की जा रही हैं। इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस अब 135 देशों में उपलब्ध है, जबकि पहले यह सुविधा केवल 41 देशों में थी। प्रमुख देशों के लिए अधिकतम वजन सीमा बढ़ाकर 5 किलोग्राम कर दी गई है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में गांधीनगर डाक मंडल ने लगभग 5,000 अंतरराष्ट्रीय मेल की बुकिंग की है, जिनमें से 3,500 से अधिक की बुकिंग पिछले दो महीनों में हुई है। रक्षा बंधन के दौरान बहनों ने भी इस सुविधा का लाभ उठाते हुए विदेशों में अपने भाइयों को राखियाँ भेजीं। हाल ही में डाक विभाग एवं गुजरात सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के बीच कीटनाशक, बीज एवं उर्वरक के नमूनों की स्पीड पोस्ट के माध्यम से बुकिंग एवं डिलीवरी हेतु समझौता किया गया है।
गौरतलब है कि पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा उत्तर गुजरात में ‘आत्मनिर्भर शाखा डाकघर’ के तहत आरंभ किए गए ‘पोस्टल वॉरियर्स’ अभियान के तहत गांधीनगर में अब तक 262 ब्रांच पोस्ट ऑफिस को ‘सिल्वर पोस्टल वॉरियर’, 08 को ‘गोल्ड पोस्टल वॉरियर’ तथा 01 को ‘प्लेटिनम पोस्टल वॉरियर’ घोषित किया जा चुका है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए संबंधित ब्रांच पोस्टमास्टर्स को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक डाकघर श्री शुभम डोंगारदिवे, डिप्टी अधिक्षक श्री संदीप कुशवाह, आईपीपीबी मैनेजर श्री निरंजन भक्ता, सहायक अधीक्षक श्री एन जी राठोड, श्री हेमंत कंतार, श्री दीपक मोरे, श्री मनोहर कुमार, श्री रौनक शाह, डाक निरीक्षक सुश्री सोनल देसाई, श्री विजय राठोड, श्री एच एम परमार, भाविन प्रजापति, गांधीनगर पोस्टमास्टर श्री डी एम राठोड सहित तमाम स्थानीय डाक कर्मियों एवं सम्मानित जनता ने भागीदारी की




