घूमने -फिरने के शौकीन लोगों का यात्रा के नाम से ही बिना पंखों के ही मन - मयूर नृत्य करने लगता है । यात्रा से हृदय का उत्साह दोगुना हो जाता है। पैरों में नई गति आ जाती है । प्रसन्नता का आवेग बढ़ जाता है यहांँ तक कि छोटी-मोटी बीमारियां भी छूमंतर हो जाती हैं। परंतु जल्दबाजी में या अनजाने में या अत्यधिक खुशी में हम कुछ गलतियाँ कर बैठते हैं। विदेश यात्रा पर जाते समय कुछ बातों का ध्यान अवश्य रखें।
तैयारी :
किसी भी विदेश यात्रा की योजना बनाने से दो या तीन महीने पूर्व ही किसी अच्छे जाने- माने ट्रैवल एजेंट से या फिर जान- पहचान के वहाँ रह रहे आपके मित्र रिश्तेदार हैं तो उनके अनुभवों एवं पूछताछ से से रिजर्वेशन करवा ले।पहले से ही टिकट बुक करवाने से टिकट सस्ती मिल जाती है और जिस भी फ्लाइट से जा रहे हैं उसका भी फीडबैक ले। लेट तो नहीं है ? जैसे अभी एक विशेष फ्लाइट बहुत महीनों से लेट चल रही है 10 ,12 ,15 घंटे तक। इससे आपकी कनेक्टेड फ्लाइट प्रभावित हो सकती है आगे का प्लान प्रोग्राम चौपट हो सकता है। यात्रियों को यात्रा में क्या परेशानी आई खाने -पीने आदि की भी पूर्व में जानकारी लें। कुछ फ्लाइट में यह निशुल्क है कुछ में सशुल्क। वैसे तो फ्लाइट में एयर होस्टेस निशुल्क पानी उपलब्ध करा ही देती है परंतु फिर भी आप साथ में पारदर्शक बाॅटल में 250- 500 लीटर तक पानी ले जा सकते हैं । विदेश के लिए वीजा एक माह पूर्व अप्लाई करें।
पासपोर्ट :
ओरिजिनल पासपोर्ट एवं कुछ फोटो कॉपी भी साथ रखें । अन्य वेध पहचान पत्र जैसे चुनाव पहचान पत्र आदि भी साथ में रखें । सिक्किम में हम मतदाता चुनाव पत्र न होने से नामची में कंचनजंगा देखने नहीं जा सके ।
होटल का चयन :
होटल का चयन अत्यधिक सावधानी से करें पूर्ण सुविधाओं की जानकारी पूर्व में ही प्राप्त कर लें। शावर, दैनिक एसेसरीज कोई भी परेशानी होने पर रिसेप्शन पर तुरंत शिकायत करें । प्रायः सभी होटल में नाश्ता निशुल्क होता है।
वस्त्र :
मौसम के अनुकूल वस्त्र की जानकारी पूर्व में ही प्राप्त कर ले। कहीं ज्यादा गर्मी होती है तो कहीं ज्यादा सर्दी । ज्यादा भारी -भरकम और अत्यधिक मात्रा में सामान ढोने का प्रयास न करें। आपको वहाँ बहुत चलना पड़ सकता है तो अच्छे सोल वाले आरामदायक जूते और स्लीपर अवश्य रखें।अपना लगेज हल्का ही रखें। एक जोड़ी वस्त्र भारतीय संस्कृति के अनुरूप रखें जैसे स्त्रियां हैं तो साड़ी और पुरुष है तो कुर्ता पजामा। इससे वहांँ आप स्वयं को सेलिब्रिटी जैसा महसूस करेंगे। आप अपने साथ फ्लाइट में 7 किलो तक और अंदर के लिए 25 किलो तक सामान ले जा सकते हैं जो वापस लौटते समय 30 किलो तक हो सकता हैयदि आपको स्विमिंग का शौक है तो स्विमिंग ड्रेस अवश्य रखें। हर होटल में स्विमिंग पूल होते हैं।
सावधानी :
बहुमूल्य सोने- चांदी के आभूषण नहीं पहने। आर्टिफिशियल ज्वेलरी से ही काम चलाएं। अपने साथ में सूटकेस या बेग में जो फ्लाइट में आपके साथ अंदर जाएगा उसमें नेल कटर, कैची, चाकू, ब्लेड, लाइटर, रेजर ,नेल पॉलिश एवं रिमूवर,अचार, शरबत ,द्रव्य वाली चीज नुकीले चीजें आदि न रखें। आप आवश्यकता अनुसार कार्गो हॉल्ड चेकिंग बेग में जाने वाले सामान में रख सकते हैं।
मुद्रा :
मुद्रा पूर्व में ही भारत से अनुमानित मुद्रा को पहले उस देश की मुद्रा में परिवर्तित करा ले। वैसे तो एयरपोर्ट पर भी मुद्रा ट्रांसफर की सुविधा उपलब्ध होती है, परंतु वहांँ आपको टैक्स ज्यादा देना पड़ सकता है।
होटल - टैक्सी :
होटल ,टैक्सी भी पूर्व में ही बुक करवा ले । ट्रैवल एजेंट आपका होटल ,आपकी टैक्सी, ड्राइवर का फोन नंबर गाड़ी का नंबर दर्शनीय स्थान का पूरा प्लान बनाकर भेजते हैं। जैसे 5 दिन 5 राते यह आपके बजट एवं इच्छा पर निर्भर करता है। फिर भी आपको खाने- पीने चाय -कॉफी खरीददारी आदि के लिए कई बार टैक्सी आदि के लिए भी अतिरिक्त पैसों की जरूरत पड़ जाती है।
सुझाव :
किसी भी जालसाजी झांसे बहकावे में नहीं आए। नमकीन, बिस्किट एवं पानी हमेशा साथ में रखें।आपको कभी भी इनकी जरूरत पड़ सकती हैं । आवश्यकता अनुसार जो दवाइयांँ रेगुलर लेते रहते हैं तो उसकी भरपूर मात्रा अपने दिनों के हिसाब से साथ रखें । इसके अतिरिक्त उल्टी दर्द जुकाम खाँसी की दवा क्रीम बेंड एड लौंग इलाइची ऑरेंज टाफी चाकलेट आदि । कई बार फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान हवा के दबाव के कारण कानों में दर्द हो जाता है अतः रूई की आवश्यकता पड़ सकती है। फ्लाइट में ए सी होने की वजह से शाॅल जैकेट स्कॉर्प साथ में रखें । गर्दन में दर्द न हो इसके लिए मेमोरी फोम यात्रा तकिया जो C आकार में होता है भी साथ में रख सकते हैं।शर्ट या कुर्ता फुल स्लीव्स का, टोप या हेट, चश्मा ,शॉल, छोटा छाता साथ में ले जाना न भूले । खरीददारी के लिए एक फोल्डिंग बेग भी ले सकते हैं।मंदिरों में पूर्ण वस्त्रों का पहनना आवश्यक होता है । यहांँ तक की मस्जिद में भी जैसे कि अबू धाबी में शेख जायद मस्जिद में आपका पूरा शरीर ढका होना चाहिये अन्यथा आपको प्रवेश से वंचित कर दिया जाएगा।
एयरपोर्ट :
एयरपोर्ट पर कम से कम 2- 3 घंटे पूर्व पहुंचे । कई बार अराइविंग वीजा या सामान की चेकिंग में लेट हो सकते हैं।
मोबाइल का चार्जर पावर बैंक *इंटरनेशनल* रोमिंग भारत से ही करवा ले ताकि स्वजन को फोन करने फोटो भेजने में परेशानी न हो । कई देशों में व्हाट्सएप नहीं चलता जैसे दुबई में वहांँ उसके स्थान पर Bitom app चलता है और यह फ्री है अतःभारत में आपके स्वजन के पास एम स्वयं भी डाउनलोड कर ले।
दर्शनीय स्थलों की अच्छी जानकारी आपको पूर्व में ही होनी चाहिए।
अपने साथ सदैव छोटा टूथपेस्ट ब्रश साबुन शैंपू नैपकिन आदि रखें । साथ में पेन और छोटी डायरी रखना कदापि न भूलें । आप इन सब चीजों का ध्यान रखेंगे तो अवश्य ही आपकी यात्रा सुखदायक एवं प्रसन्नता प्रदान करने वाली होगी और व्यर्थ की चिताओं टेंशन से आप बच जाएंगे ।
उद्देश्य :
हमेशा एक लक्ष्य लेकर चलें कि हमें अपनी भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है। निंदा नहीं करनी है यह हमारे देश की छवि को बिगाड़ती हैं। अपनी रुचि अनुसार आप वहांँ की साहित्यिक संस्थाओं आदि की जानकारी ले सकते हैं मिल सकते हैं। विदेशों में बहुत सी बातें आपको अच्छी लगेगी जैसे वहाँ की साफ- सफाई, अनुशासन, ट्रैफिक सेंस , कर्मठता आदि।
संपर्क : मो. 99832 99686





