अहमदाबाद। डाक विभाग की युवा-केंद्रित और आधुनिक सेवाओं को शैक्षणिक परिसरों तक पहुंचाने की दिशा में केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया जी के दृष्टिकोण से निर्देशित पहल के तहत गुजरात के छठवें एवं महेसाणा के प्रथम एन-जेन (नेक्स्ट जेन) थीम आधारित नवीनीकृत गणपत विद्यानगर डाकघर का उद्घाटन 12 अगस्त, 2026 को उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव एवं डॉ. महेंद्र शर्मा, प्रो-चांसलर, गणपत यूनिवर्सिटी, महेसाणा द्वारा किया गया। भारतीय डाक की फ्लैगशिप एन-जेन पहल के अंतर्गत विकसित यह पोस्ट ऑफिस विद्यार्थियों ने इंडिया पोस्ट के साथ मिलकर "छात्रों का, छात्रों द्वारा, छात्रों के लिए" की फिलॉसफी पर डिजाइन किया है। इसमें भारतीय डाक की विश्वसनीयता, व्यापक पहुँच, आधुनिक सेवाओं, युवा जुड़ाव और विरासत का सुंदर मिश्रण देखने को मिलता है।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि एन-जेन डाकघर पहल विद्यार्थी एवं डिजिटल नेटिव्स को केंद्र में रखकर इंडिया पोस्ट के एक आधुनिक, युवा-केंद्रित सेवा नेटवर्क में परिवर्तन को दर्शाती है। एन-जेन पोस्ट ऑफिस युवाओं को आधुनिक सुविधाएँ प्रदान करेगा, जिसमें वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, यूपीआई-आधारित डिजिटल भुगतान, यूथ-केंद्रित कंफर्ट सीटिंग स्पेस, विद्यार्थियों के लिए स्पीड पोस्ट व पार्सल सेवाओं पर 10% की विशेष छूट, ज्ञान पोस्ट, इंटरनेशनल पार्सल बुकिंग, पार्सल पैकेजिंग सर्विस, फिलेटली एवं डाकघर बचत सेवाएँ, डाक जीवन बीमा, आईपीपीबी जैसी वित्तीय सेवाएं शामिल हैं। गणपत यूनिवर्सिटी का यह एन-जेन पोस्ट ऑफिस जेन-जी की जीवनशैली, रुचियों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए मॉडर्न डिजाइन, आकर्षक वातावरण और हाई-टेक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
प्रो-चांसलर डॉ. महेंद्र शर्मा ने डाक विभाग द्वारा गणपत यूनिवर्सिटी कैंपस में एन-जेन पोस्ट ऑफिस पहल को युवाओं को डाक सेवाओं से जोड़ने की अभिनव पहल बताते हुए कहा कि आधुनिक और तकनीक-सक्षम वातावरण विद्यार्थियों की बदलती जरूरतों के अनुरूप सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह डाकघर 18 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को डाक विभाग की सेवाओं का एक नया अनुभव प्रदान करेगा। राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की होने वाली तमाम सेमिनार, कांफ्रेंस के डेलिगेट्स के लिए भी यहाँ से देश-विदेश में शैक्षणिक सामग्री भेजने में आसानी होगी।
महेसाणा मंडल के अधीक्षक डाकघर श्री एस के वर्मा ने कहा कि गणपत यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों व निवासियों को उनकी बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाजनक, त्वरित, तकनीक-सक्षम एवं आधुनिक डाक सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
गणपत यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को महेसाणा के पहले एन-जेन थीम आधारित पोस्ट ऑफिस को डिज़ाइन करने में उनके योगदान के लिए पोस्टमास्टर जनरल एवं प्रो-चांसलर द्वारा सम्मानित भी किया गया।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि गुजरात में आईआईटी गांधीनगर, आईआईएम अहमदाबाद, सरदार वल्लभभाई पटेल एनआईटी सूरत, आनंद कृषि यूनिवर्सिटी, कच्छ यूनिवर्सिटी, गणपत यूनिवर्सिटी, महेसाणा सहित कुल छह एन-जेन पोस्ट ऑफिस आरम्भ हो चुके हैं।
इस अवसर पर प्रो-वाइस चांसलर डॉ. गिरीश पटेल, डीन संदीपसिंह आर. सिसोदिया, एसोसिएट डीन आर्किटेक्ट आदित्य बी. व्यास, डाक अधीक्षक एसके वर्मा, सहायक निदेशक वीएम वहोरा, सहायक डाक अधीक्षक रमेश रबारी, धवल सुथार, विशाल ब्रह्मभट्ट, डाक निरीक्षक चेतन सुथार, विनुभाई भरवाड, पोस्टमास्टर अश्विनभाई चौधरी, परेश मिस्त्री, भरत प्रजापति, मुकेश चौधरी, एम आइ फ़क़ीर सहित तमाम अधिकारी एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।




