भारतीय डाक विभाग ने प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में सेवा वितरण को बेहतर बनाने, व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार, कार्यकुशलता में वृद्धि तथा राजस्व में सतत बढ़ोतरी सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में प्रशासनिक यूनिट्स का पूरे देश में पुनर्गठन किया है। इसी क्रम में गुजरात सर्किल में अहमदाबाद, वड़ोदरा, राजकोट के अलावा सूरत में एक नए पोस्टल रीजन का सृजन किया गया है। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि डाक विभाग ने लॉजिस्टिक्स व्यवसाय को प्राथमिकता देते हुए पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स), गुजरात सर्किल एवं निदेशक (सेल्स) के नए पद व कार्यालय स्थापना को भी मंजूरी दी है। गुजरात में पाँच नए डाक मंडल- अहमदाबाद हेरिटेज सिटी, अहमदाबाद उत्कर्ष, दाहोद, सूरत (पूर्वी) व गाँधीधाम सृजित किये गए हैं। प्रशासनिक पुनर्गठन की यह नई व्यवस्था 1 नवंबर, 2026 से लागू होगी।
नव सृजित अहमदाबाद हेरिटेज सिटी डाक मंडल का अहमदाबाद जीपीओ परिसर में शुभारंभ करते हुए उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि अहमदाबाद जिले में डाक प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए अब तीन डाक मंडल कार्यरत होंगे—अहमदाबाद सिटी, अहमदाबाद हेरिटेज सिटी तथा अहमदाबाद उत्कर्ष डाक मंडल। इनके मुख्यालय क्रमश: नवरंगपुरा प्रधान डाकघर, अहमदाबाद जीपीओ और धौलका डाकघर भवन परिसर में स्थापित होंगे। नव सृजित अहमदाबाद हेरिटेज सिटी मंडल से अहमदाबाद के पूर्वी भाग की डाक व्यवस्था संचालित होगी। वहीं, अहमदाबाद उत्कर्ष डाक मंडल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में स्थित- साणंद, विरमगाम, माण्डल, धौलका, बावला, धंधुका एवं धोलेरा तालुका में डाक सेवाओं एवं प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं के बेहतर प्रबंधन और निगरानी में सुविधा होगी।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि राजकोट रीजन में शामिल रहे रहे भावनगर एवं सुरेंद्रनगर डाक मंडलों को भी अब उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में शामिल किए जाने के परिणामस्वरूप, इसमें डाक मंडलों की कुल संख्या बढ़कर 9 हो जाएगी। इस प्रकार, उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, गुजरात सर्किल का सबसे बड़ा परिक्षेत्र बन जाएगा। इनमें अहमदाबाद सिटी, अहमदाबाद हेरिटेज, अहमदाबाद उत्कर्ष, गांधीनगर, बनासकांठा, पाटन, महेसाणा, सुरेंद्रनगर एवं भावनगर डाक मंडल शामिल हैं। वहीं, नव सृजित पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय का भी स्पीड पोस्ट भवन, शाही बाग,अहमदाबाद में पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने शुभारंभ किया। पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) का फोकस मेल्स, पार्सल एवं इंटरनेशनल मेल्स पर होगा, तदनुसार उनके अधीन गुजरात में स्थित सभी रेलवे मेल सर्विस ऑफिस, फॉरेन पोस्ट ऑफिस और ट्रांसपोर्ट सेवाओं के साथ मेल मोटर सर्विस संचालित होंगे।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि यह पहल गुजरात में डाक सेवाओं के विस्तार, बेहतर प्रबंधन और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप एक आधुनिक, उत्तरदायी एवं सुदृढ़ डाक नेटवर्क के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भारत सरकार के “मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस” के दृष्टिकोण के अनुरूप इससे प्रशासनिक समन्वय, निगरानी तथा डाक सेवाओं के प्रभावी संचालन को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। डाक विभाग वर्तमान में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है, जिसका उद्देश्य इसे ग्राहक-केंद्रित, प्रौद्योगिकी-संचालित, परिचालन की दृष्टि से अधिक दक्ष एवं वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर संगठन के रूप में विकसित करना है।
इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक श्री शिशिर कुमार, एजीएम आईपीपीबी संदीप कुमार, चीफ मैनेजर अभिजीत जीभकाटे, सीनियर पोस्टमास्टर श्री वारिस वहोरा, सहायक निदेशक श्री अल्पेश शाह, रितुल गाँधी, दर्शन तपस्वी, सहायक अधीक्षक, आर टी परमार, जगदीश जीड, के ए रोय, आर ए शेख, पराग वासनिक, एस एन घोरी, बिरंग शाह, भाविन प्रजापति, डाक निरीक्षक श्री दक्षेश चौहान, विपुल चडोतरा, योगेन्द्र राठोड सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।



