अहमदाबाद। नवोदय विद्यालय फाउंडेशन डे का आयोजन पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, हाथीजन, अहमदाबाद में 5 अगस्त को किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि रूप में उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने प्राचार्य श्री आरके दीक्षित और अन्य अतिथियों संग दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा मणिपुरी नृत्य, गरबा, देश भक्ति गीत सहित तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। नवोदय विद्यालय के पुरा छात्र, संप्रति पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि एक सरकारी संस्था होने के बावजूद नवोदय विद्यालयों ने उत्कृष्ट शिक्षा, श्रेष्ठ परीक्षा परिणामों और सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के बल पर देश में विशिष्ट स्थान प्राप्त किया है। आज नवोदय से निकली प्रतिभाएं राजनीति, प्रशासन, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, शिक्षा, सेना, व्यवसाय, उद्यमिता और सामाजिक सेवा सहित अनेक क्षेत्रों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा रही हैं। 'हमीं नवोदय हों' की भावना के साथ आज नवोदय एक ब्रांड बन चुका है। नवोदय फाउंडेशन डे पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में मानव व मयूर ठाकोर को प्रथम, मुद्रा को द्वितीय एवं वेद परमार को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कक्षा 11 की छात्राओं - ख्याति और अंजलि ने कार्यक्रम का संचालन किया।  नवोदय विद्यालय की प्रगति के विभिन्न आयामों पर चर्चा हुई, वहीं पुरा छात्रों डॉ. जयेश वाजा, श्री अनुपम परमार और श्री मेघिल  चौहान ने अपने अनुभव साझा किये। 550 से ज्यादा नवोदय विद्यार्थी समारोह में  शामिल हुए।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि 13 अप्रैल, 1986 को दो नवोदय विद्यालयों से आरंभ हुआ नवोदयी सफर चार दशकों में आज 661 तक पहुँच चुका है। नवोदय विद्यालय स्थापना दिवस 5 अगस्त को मनाया जाता है, क्योंकि 5 अगस्त 1985 को भारत सरकार के केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नवोदय विद्यालय योजना को स्वीकृति प्रदान की थी।  'वसुधैव कुटुंबकम्' एवं 'शिक्षार्थ आइए, सेवार्थ जाइए' की भावना से प्रेरित नवोदय में जाति, संप्रदाय, क्षेत्र से परे सिर्फ राष्ट्र प्रथम  की भावना है। देश भर में नवोदय विद्यालय के 19 लाख से अधिक पुरा विद्यार्थियों का नेटवर्क समाज को नई दिशा देने के लिए तत्पर है। नवोदय केवल एक शिक्षण संस्था नहीं, बल्कि जीवनभर साथ निभाने वाला एक सशक्त परिवार है। देश के विभिन्न राज्यों और जिलों में स्थित नवोदय विद्यालय भले ही भौगोलिक रूप से अलग हों, लेकिन प्रत्येक नवोदयन के मन में एक जैसी आत्मीयता, अपनापन और नवोदयी संस्कारों की अमिट छाप सदैव बनी रहती है।

पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, अहमदाबाद के प्राचार्य श्री आर. के. दीक्षित ने कहा कि नवोदय विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से परे गुणवत्तापूर्ण आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण, खेल, साहसिक गतिविधियों एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि नवोदय विद्यालय ने मुझे केवल शिक्षा नहीं दी, बल्कि सपने देखने का साहस, उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास और हर चुनौती का सामना करने का संकल्प दिया। वर्ष 2001 में सिविल सर्विसेज में चयन से लेकर आज तक की यात्रा में नवोदय से मिले संस्कार मेरी सबसे बड़ी पूँजी रहे हैं। नवोदय ने हमें सिखाया कि सीमित संसाधन कभी भी बड़ी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और संकल्प मजबूत हो। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सपनों पर विश्वास रखने और उन्हें परिश्रम एवं अनुशासन के साथ साकार करने का संदेश दिया।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि ज़ेन-जी एआई, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और नवाचार के युग की पीढ़ी है। ऐसे समय में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी दक्षता के साथ-साथ नैतिक मूल्य, रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। नवोदय विद्यालय आधुनिक शिक्षा और भारतीय संस्कारों का समन्वय कर विद्यार्थियों को भविष्य के विकसित भारत के लिए तैयार कर रहे हैं।

इस अवसर पर  प्राचार्य श्री आर. के. दीक्षित, वाइस प्रिंसिपल श्री सुनील महर्षि, श्री बीके रावत, श्री डीवी मकवाना, सुश्री अनीता डबराल, निलिक्षा डाभी, एचए कादरी, बीजी पांडा, प्रकाश मेघवाल, सुधीर आशरे, एएन चौधरी सहित तमाम अध्यापकगण, अभिभावकगण, पुरा छात्र उपस्थित रहे।