कोटा । राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस एवं डॉ. एस. आर. रंगनाथन की 134वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय सेमिनार में डॉ. शशि जैन को पुस्तकालय क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ डिजिटल पुस्तकालय उत्कृष्टता पुरस्कार एवं सामुदायिक पुस्तकालय सेवा पुरस्कार - 2026 से पुरस्कृत किया गया।
डॉ. शशि जैन को यह सम्मान सार्वजनिक पुस्तकालय क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्य, पाठकों में पढ़ने की आदत विकसित करने तथा पुस्तकालयों को ज्ञान, साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करने में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि दोनों पुरस्कार उनके लिए गौरव और प्रेरणा का विषय हैं। इससे सार्वजनिक पुस्तकालय सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, पाठकों को पुस्तकों से जोड़ने तथा समाज में पठन-पाठन एवं ज्ञान की संस्कृति को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए नई ऊर्जा मिलेगी।





