-देशी गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के साथ गौ-आधारित ग्राम अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के शिवतलाव निवासी भारत सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में गौ राष्ट्र यात्रा निकाली जा रही है। एक अगस्त से गुजरात के सोमनाथ से शुरू हुई यह यात्रा असम के शक्तिपीठ मां कामाख्या तक जाएगी।
यात्रा के दौरान टीम गुजरात के गिर सोमनाथ, ऊना, दीव, भावनगर, जूनागढ़ और अहमदाबाद सहित कई क्षेत्रों के गांवों में पहुंचकर गौपालकों, किसानों, गौशाला संचालकों और गौ-आधारित उत्पादों से जुड़े लोगों से संवाद कर रही है। इसी क्रम में गुजरात के राज्यपाल महामहिम आचार्य देवव्रत जी ने गौ राष्ट्र यात्रा की टीम को राजभवन आमंत्रित कर मुलाकात की। उन्होंने अभियान की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए टीम को अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन दिया।
मुलाकात के दौरान देशी गौवंश के संरक्षण, गौपालकों और किसानों के हित तथा आस्था से अर्थव्यवस्था तक गौवंश के जुड़ाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। राज्यपाल ने गौ राष्ट्र यात्रा के प्रथम चरण में ऋषिकेश से रामेश्वरम तक की गई यात्रा के अनुभवों और द्वितीय चरण में गुजरात के अब तक के अनुभवों की भी जानकारी ली। उन्होंने थारपारकर नस्ल के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष जोर दिया। इस अवसर पर गांधीनगर स्थित स्वामीनारायण गौशाला के माधव प्रकाश स्वामी जी का भी टीम को आशीर्वाद प्राप्त हुआ।