Friday, March 29, 2024
spot_img
Homeपर्यटनपॉन्डिचेरी के खूबसूरत समुद्री बीच

पॉन्डिचेरी के खूबसूरत समुद्री बीच

पॉन्डिचेरी (पुडुचेरी) राज्य की सबसे बड़ी खासियत यहां के मनोरम समुद्री बीच का होना है। यहां के समुद्री तटों में पेराडाइज बीच, प्रोमेनेंट बीच, ऑरोविले बीच, पोमेनद बीच, सेनेरिटी बीच, माहे बीच, कराईकल बीच, क्वाइट बीच, रेप्पो बीच, पलगे प्रैक्टिस बीच, वीर पट्टिनम बीच, एवं रॉक बीच आदि शामिल हैं। बीच अपार शांति के लिए जाने जाते हैं। सैलानी यहां अपने-अपने तरीके से मनोरंजन करते हैं और योगा एवं ध्यान केंद्रित करने की क्रियाएं करते हैं। इन बीचों से सूर्यादय एवं सूर्यास्त के दृश्यों को देखना अपने आप में अनूठा अनुभव होता है। यहाँ के बीच सर्फिंग, बैक वाटर बोटिंग, सूर्यस्नान, फिशिंग,कैनोइंग, लैड बैक वेकेशन, आराम, बर्ड वाचिंग, सतुंनिंग सनराइज एवं मेसेरिज़िंग सनसेट के लिए प्रसिद्ध हैं। बीचों के किनारे खाने-पीने की वस्तुएं भी उपलब्ध हैं। रिवर क्रूज में बैठकर समुद्र की सैर का अपना ही आनन्द है। समुद्र में डालफिन की अटखेलियां मन मोह लेती हैं। राज्य के प्रमुख बीच इस प्रकार हैं।

पैराडाईज बीच
पैराडाईज बीच पांडिचेरी के सबसे अच्छे समुद्री तटों में से एक है। इस समुद्री तट तक आपको पहुँचने के लिए पहले चूनांबार बैकवाटरों में एक नाव की सवारी लेकर इस बीच तक पहुँचाना होता है। चुनांबार बोट हाउस से स्पीड और रेगुलर बोट लेकर समुद्र की यात्रा का आनन्द लिया जा सकता है। यह बीच बेहद ही खूबसूरत है,यहां की सुंदर साफ़ रेतिले नीले समुद्री तट पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। आप यहां बीच बेड किराए पर लेकर समुद्र के किनारे आराम भी फरमा सकते हैं। अगर आपको वाटर स्पोर्ट्स में दिलचस्पी है तो वह भी आप यहां एन्जॉय कर सकते हैं।

प्रोमेनाड बीच
यह बीच अन्य बीचों की तरह रेतीला नहीं है बल्कि इस बीच के किनारे आप पत्थर से बना हुआ 1.5 किमी लंबी फुटपाथ देख सकते हैं। शाम के समय तट पर ट्रैफिक की आवाजाही बंद कर दी जाती है जिससे समुद्र किनारे टहलने के लिए यह एक आदर्श जगह बन जाती है। प्रोमेनेड बीच 1.5 कि.मी. में फैला है और शहर के सभी प्रमुख आकर्षण स्थान इसके समानांतर हैं। एक बार पांडिचेरी आने पर इस जगह ज़रूर आना चाहिए।

वीर पट्टिनम बीच
पैराडाइज बीच के बाद वीर पट्टिनम बीच पांडिचेरी के सर्वोत्तम समुद्री तटों में से एक है। वीर पट्टिनम बीच करीबन 7 किमी लंबा समुद्री तट है। यह बीच दो नदियों के बीच में है, जहां आप कई फिशिंग का मजा भी ले सकते हैं।

ऑरो बीच
ऑरोविले के नजदीक होने के कारण इसे ऑरो बीच कहते हैं। यह एक बेहद ही छोटा सा बीच है, जहां आप शांति को अनुभव कर सकते हैं। साथ ही आप यहां कई मछुआरों और उनकी नावों को भी देख सकते हैं।

सेरेनिटी बीच
सेरेनिटी बीच पांडिचेरी के अच्छे समुद्री तटों में से एक है। यहां की सुबह का सूर्योदय और शाम का सूर्यास्त के दृश्य देख कर सैलानी आनन्दित होते हैं। यह सर्फिंग करने के लिए यह एक आदर्श स्थान है। भारतीयऔर फ्रेंच खाने का स्वाद यहाँ की खूबी है। यह ससमुद्री तट ईस्ट कोस्ट रोड से करीब 10 किलोमीटर दूर पांडिचेरी के उत्तर में स्थित है।

कराईकल बीच।
कराईकल बीच बंगाल की खाड़ी पर एक प्राकृतिक सुंदर और लोकप्रिय बीच है। बीच पर सूर्योदय का दृश्य इतना मनभावन होता है कि इसे देख कर सैलानी अत्यंत ही मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। साहसिक पर्यटक समुद्र में बोटिंग एवं कैनोइंग आदि जलक्रीड़ाओं से रोमांचित होते हैं। समुद्र के तट पर बॉलीबॉल खेलने, बीच पर घूमने और धूप सेकने का मज़ा लेते हैं। बीच पर बने खूबसूरत फव्वारें, चिल्ड्रन पार्कस,टेनिस कोर्ट , लाइट हाउस एवं रेस्टोरेंट्स बनाकर पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ उनका भरपूर मनोरंजन करते हैं। बीच की दुकानों पर मनोरंजन की अनेक वस्तुएं मिलती हैं। बीच के समीप ही अरेसलर नदी का मुहाना इसकी सुंदरता में चार चांद लगता है। चौड़ी सड़क की सोडियम लाइट लैम्पों से तट का दृश्य रात्रि मेंअत्यंत आकर्षक लगता है। सप्ताहान्त अवकाश बिताने और रिलेक्स होने के लिए यहाँ बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं और मनोरंजन करते हैं।

समुंद्रीय गतिविधियां -स्कूबा डाइविंग
समुद्र के भीतर तैरते हुए जलीय जीवन को समीप से देखने वाले साहसिक पर्यटकों के लिए समुद्र के पूर्वी तट पर स्थित पुडुचेरी एक रोमांचक अवसर प्रदान करता है। इसके लिए स्कूबा डाइविंग की बेहतर सुविधा यहाँ व्हाइट टाउन पुडुचेरी के रोमैन रोललैंड स्ट्रीट पर स्थित बोट बोर्ड पर उपलब्ध है। इस तैराकी में तैराक को कमर पर एक हवा भरा सिलेंडर लगाना होता है, जिसमें लगी रबर की ट्यूब को मुँह में लगाने पर वह पानी के भीतर तैरने में सहायक होती है। इसको लगा कर तैरने वाला गोता लगता है और तैरना शुरू करता है। स्कूबा डाइविंग से सैलानी समुद्र के भीतर के जीवों को बिल्कुल समीप से देखने का आनन्द उठाते हैं। इसके लिए स्कूबा डाइविंग करने वालों की बुकिंग की जाती हैं। इसके लिए न्यूनतम एक और अधिकतम 20 पर्यटकों को एक दिन में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। एक दिन के कार्यक्रम में सुबह एक घंटे का स्विमिंग पूल में तैराकी का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाता है एवं फिर बोट से उतना समुद्री क्षेत्र घूमाया जाता है जहाँ तक वास्तविक स्कूबा डाइविंग करनी होती है। इसके बाद आधा धंटे का समय स्कूबा डाइविंग के लिए दिया जाता है। सैलानी समुद्र के अंदर के जीवन का यह रोमांच हमेशा याद रखते हैं। आप भी पुडुचेरी जाएं तो स्कूबा डाइविंग का आनन्द जरूर लें। अगर आप स्कूबा डाइविंग करना चाहते है तो फरवरी से अप्रैल और सितंबर से नवंबर का महीना आपके लिए सबसे बेहतर समय है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवँ राजस्थान सूचना विभाग के सेवा निवृत्त अधिकारी हैं, समसामयिक विषयों पर निरंतर लेखन करते रहते हैं)

image_print

एक निवेदन

ये साईट भारतीय जीवन मूल्यों और संस्कृति को समर्पित है। हिंदी के विद्वान लेखक अपने शोधपूर्ण लेखों से इसे समृध्द करते हैं। जिन विषयों पर देश का मैन लाईन मीडिया मौन रहता है, हम उन मुद्दों को देश के सामने लाते हैं। इस साईट के संचालन में हमारा कोई आर्थिक व कारोबारी आधार नहीं है। ये साईट भारतीयता की सोच रखने वाले स्नेही जनों के सहयोग से चल रही है। यदि आप अपनी ओर से कोई सहयोग देना चाहें तो आपका स्वागत है। आपका छोटा सा सहयोग भी हमें इस साईट को और समृध्द करने और भारतीय जीवन मूल्यों को प्रचारित-प्रसारित करने के लिए प्रेरित करेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

लोकप्रिय

उपभोक्ता मंच

- Advertisment -spot_img

वार त्यौहार