जी मीडिया (Zee Media) ने अपने हिंदी न्यूज ब्रैंड Zee Bharat को नए अंदाज में पेश किया है। कंपनी ने अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर इसका नया अवतार प्रस्तुत किया है
जी मीडिया (Zee Media) ने अपने हिंदी न्यूज ब्रैंड ज़ी भारत को नए अंदाज में पेश किया है। कंपनी ने अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर इसका नया अवतार लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य भारत के युवाओं की सोच, पसंद और लाइफस्टाइल को करीब से समझना और उसी अंदाज में खबरें पेश करना है।
एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा ने ज़ी भारत के इस नए अवतार की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि 10 महीने की प्लानिंग के बाद ज़ी मीडिया ने जेन-झेड के लिए ज़ी भारत को नए तरीके से पेश किया है। उन्होंने यह भी कहा कि युवा भारत से सीखने के लिए बहुत कुछ है।


नए Zee Bharat को social-first और digital-native न्यूज ब्रैंड के तौर पर तैयार किया गया है। इसमें न्यूज के साथ कल्चर, टेक्नोलॉजी, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और लोगों से जुड़ी वास्तविक बातचीत को जगह दी जाएगी। कंपनी का फोकस कंटेंट को सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के हिसाब से तैयार करने पर है।
दरअसल, Zee Media पिछले करीब 10 महीनों से इस बदलाव की तैयारी कर रहा था। इससे पहले Zee Bharat को GenZ Bharat के तौर पर री-पोजिशन करने की खबर सामने आई थी। उस समय ब्रैंड के सोशल मीडिया हैंडल्स का नाम बदलकर GenZ Bharat किया गया था और इसे युवाओं के लिए सोशल-फर्स्ट न्यूज प्लेटफॉर्म के रूप में पेश करने की तैयारी थी।
अब कंपनी ने इसे नए रूप में Zee Bharat ब्रैंड के तहत सामने रखा है। ब्रैंड की सोच है कि आज का युवा सिर्फ खबर पढ़ना नहीं चाहता, बल्कि खबरों के पीछे की कहानी, संस्कृति, टेक्नोलॉजी, मनोरंजन और समाज से जुड़े मुद्दों पर बातचीत भी चाहता है।
Zee Bharat का यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब न्यूज इंडस्ट्री में युवा दर्शकों तक पहुंचने के लिए डिजिटल, शॉर्ट-फॉर्म और सोशल मीडिया कंटेंट पर तेजी से जोर बढ़ रहा है।




