मिल्कीपुर, अयोध्या। क्षेत्र के जयराजपुर पूरे वशिष्ठ निवासी श्रेया पांडे ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। श्रेया ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की एलटी ग्रेड परीक्षा में संस्कृत विषय से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर परिवार, गुरुजनों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

श्रेया की सफलता इसलिए भी खास है कि उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए किसी कोचिंग संस्थान या महानगर का सहारा नहीं लिया। उन्होंने घर पर रहकर ही पूरी लगन, अनुशासन और मनोयोग के साथ तैयारी की और नियमित अध्ययन व कठिन परिश्रम के बल पर प्रदेशभर के अभ्यर्थियों के बीच सर्वोच्च स्थान हासिल किया।

श्रेया ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा संजय स्मारक इंटर कॉलेज गदुरही से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हरिश्चंद्र महाविद्यालय, सरौली से स्नातक एवं बीएड की शिक्षा पूरी की। शिक्षा के प्रति समर्पण और परिवार से मिले संस्कारों ने उनकी सफलता की राह को मजबूत किया।

शिक्षक परिवार से है श्रेया का नाता

श्रेया का परिवार लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उनके दादा देवता प्रसाद पांडे संजय स्मारक इंटर कॉलेज में शिक्षक रहे हैं। पिता श्री विजय शंकर पांडे हैं, जबकि माता श्रीमती सुनीला पाण्डेय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। उनके भाई सुधांशु पांडे श्रीराम बल्लभ इंटर कॉलेज, ड्योढ़ी में शिक्षक पद पर कार्यरत हैं।

शिक्षक परिवार में पली-बढ़ी श्रेया ने संस्कृत विषय में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर न केवल अपने परिवार को गौरवान्वित किया, बल्कि क्षेत्र का भी मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों और क्षेत्रीय लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्रेया की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो सीमित संसाधनों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी मेहनत से यह साबित किया कि सफलता के लिए बड़े शहर और महंगी कोचिंग से अधिक जरूरी लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति है।

साभार-https://www.facebook.com/share/p/1J4DrTvdBZ/ से