पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल द्वारा 08 से 12 अप्रैल, 2025 तक विभिन्न स्थानों पर संरक्षा सेमिनार और परामर्श सत्रों की श्रृंखला आयोजित की गई। इन सत्रों का उद्देश्य रेल कर्मचारियों के बीच संरक्षा जागरूकता को बढ़ाना और परिचालन प्रक्रियाओं को मजबूत बनाना था।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संरक्षा सेमिनार और परामर्श सत्रों की एक श्रृंखला 8 अप्रैल, 2025 से शुरू हुई और मुंबई मंडल के 6 स्थानों – वसई रोड, मुंबई सेंट्रल कोचिंग डिपो, नंदुरबार, सूरत, वलसाड और उधना में आयोजित की गई। सेमिनार मुख्य रूप से ट्रेन परिचालन और रख-रखाव से संबंधित कर्मचारियों के लिए आयोजित की गई।
श्री विनीत अभिषेक ने बताया कि सेमिनार में इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, सिगनल एवं टेलीकॉम, परिचालन विभाग आदि से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। शंटिंग का सुरक्षित संचालन, रोलिंग स्टॉक की संरक्षा, फायर अलार्म सिस्टम की कार्यप्रणाली, एलसी क्लोजिंग की प्रक्रिया, वर्क साइट की संरक्षा, ओएचई इंसुलेटर का संचालन आदि विषयों पर चर्चा की गई। इन संरक्षा सेमिनारों के दौरान चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों द्वारा भी एक विशेष सत्र आयोजित की गई। इस सत्र में हीट वेव जैसी स्थितियों के लिए स्वास्थ्य से जुड़े एहतियाती उपायों, गर्म परिस्थितियों में काम करने के लिए संरक्षा सुझाव, हाइड्रेशन का महत्व, गर्मी से थकावट के लक्षण और बुनियादी प्राथमिक चिकित्सा पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसके अतिरिक्त, विशेष रूप से गर्मियों के मौसम में हाइड्रेटेड रहने में मदद करने के लिए कर्मचारियों को ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) पैकेट वितरित किए गए।
यह पहल पश्चिम रेलवे की संरक्षा और विश्वसनीयता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत वह अपने फ्रंटलाइन कर्मचारियों को परिचालन और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मामलों पर नियमित रूप से शिक्षित करती है और परामर्श प्रदान करती है!

