Homeपुस्तक चर्चाकेवल हिंदी पत्रकारिता का नहीं, विदेशों में भारतीय संस्कृति का भी दस्तावेज़...

केवल हिंदी पत्रकारिता का नहीं, विदेशों में भारतीय संस्कृति का भी दस्तावेज़ है यह किताब

लिखी गई हर इबारत ऐसी नहीं होती कि हर किसी के लिए उसे पढ़ना ज़रूरी हो। पर एक किताब है, जिसे सबको पढ़ना चाहिए। कम से कम हर भारतीय और विदेशों में रह रहे भारत मूल के लोगों को तो पढ़ना ही चाहिए।

ऐसी किताब मेरे हाथों में थी ‘विदेश में हिंदी पत्रकारिता’ नाम से। लिफ़ाफ़ा देखकर मज़मून भाँप लेने जैसे कोई करामात भी नहीं करनी थी। किताब के कवर पर ही साफ़-साफ़ लिखा था- 27 देशों की हिंदी पत्रकारिता का सिंहावलोकन। किसी किताब के कवर से उसका अंदाज़ा नहीं लगाना चाहिए, यह इस किताब ने भी सिद्ध कर दिया। कवर कह रहा था यह किताब पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए बहुत मानीखेज हो सकती है। कुछ हद तक पत्रकारिता से जुड़े और वह भी हिंदी पत्रकारिता से जुड़े लोगों के लिए उपयुक्त हो सकती है। अंदर के पन्ने खोलते ही माधवराव सप्रे स्मृति समाचार पत्र संग्रहालय एवं शोध संस्थान के संस्थापक निदेशक पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर की प्रस्तावना शोधार्थियों के लिए किताब की उपयोगिता को रेखांकित कर रही थी। किताब के लेखक डॉ. जवाहर कर्नावट ने अपनी भूमिका में इसे अलग-अलग देशों में हिंदी पत्रकारिता की पहुँच और महत्ता के अध्ययन की दृष्टि से आवश्यक माना है। इतना पढ़ते-पढ़ते पाठक का मानस बनने लगता है कि यह किताब हिंदी पत्रकारिता की समझ को विकसित करने का माध्यम हो सकती है।

राष्ट्रीय पुस्तक न्यास से प्रकाशित होने पर किताब की छपाई भी साफ़-सुधरी है जो इसे पठनीय बनाती है। पन्ने पलटते हुए मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, दक्षिणअफ्रीका, अमेरिका, कनाड़ा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, ब्रिटेन, नीदरलैंड, रूस, जापान, चीन, तिब्बत, नार्वे, म्यांमार तथा नेपाल से निकलने वाली हिंदी पत्र-पत्रिकाओं की छवियां ध्यानाकृष्ट करती है। अंतिम पन्ने पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा से महाप्रबंधक के रूप में सेवानिवृत्त हुए डॉ. कर्नावट के बारे में जानकारी दी गई है। उन्होंने बैकिंग पर भी किताब लिखी है, मतलब लिखना उनके स्वभाव में है। पत्रकारिता का स्वभाव रखने की वजह से मैं यह किताब पढ़ना तय करती हूँ। यह मानकर कि यह किताब लंबी बैठक लेगी, अध्ययन-अध्यापन की दृष्टि से लिखी गई होगी, सो तत्क्षण न पढ़ उसे फिर कभी पढ़ने के लिए रख देती हूँ।

कोई किताब कभी चिल्ला-चिल्लाकर नहीं कहती कि मुझे पढ़ो, मुझे पढ़ो। यह किताब भी ऐसे ही अन्य किताबों के साथ आगे-पीछे होती रहती है।

कभी इसका प्रथम पृष्ठ मेज़ की ओर होता है, कभी अंतिम पृष्ठ। ऐसे ही किसी एक दिन इसका प्रथम पृष्ठ मेज़ की ओर था और अंतिम पृष्ठ मेरी ओर। धूल झाड़ने के नियमित दैनिक क्रम में किताब फिर हाथ में आई। पिछले पन्ने पर लिखा था 27 से अधिक देशों से पिछले 120 वर्षों से प्रकाशित 150 से अधिक पत्र-पत्रिकाओं की विषय वस्तु को इस पुस्तक में विस्तार से व्याख्यायित किया गया है। ज़ाहिरन इस किताब में ऐसा बहुत कुछ होगा जो गूगल पर सर्च करने से भी नहीं मिलेगा। लेकिन फिर लगा कि लगभग 300 पन्नों की किताब पढ़ने का यह तो सही समय नहीं है, फिर कभी पढ़ेंगे। फिर कभी का चक्र लंबा चल सकता था इसे भेदने के लिए तय किया कि शनैः-शनैः कुछ पन्नों को पढ़ने का सिलसिला शुरू किया जाए।

इस किताब की सामग्री को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2023 में स्थान दिया गया है।

बात केवल इस रिकॉर्ड की नहीं है। किताब तो भारतीय पत्रकारिता का दस्तावेज़ है। दुनिया के विभिन्न देशों में हिंदी पत्रकारिता केवल ताज़ा खबर देने भर का काम नहीं करती, वह वहाँ के लोगों को आपस में जोड़ने, अपनी मिट्टी, अपनी संस्कृति और अपने भाषाई परिवेश से जोड़ने का काम भी करती है। भारत में रहते हुए इसे समझना आसान नहीं है। देश से दूर जाने पर देश से दूर जाने की पीड़ा का अनुभव होता है। भारत के लोगों ने दूसरे देशों में जाकर केवल भौतिक रूप से खुद को समृद्ध नहीं किया है बल्कि हमारी सांस्कृतिक समृद्धि को भी सहेजा है। उनके अपने संघर्ष, उनकी अपनी पीड़ा का इतिहास भी इस किताब में है।

जैसा कि पहले कहा यह किताब सबको पढ़नी चाहिए। लगभग दो शताब्दी पहले हज़ारों की संख्या में गिरमिटिया मज़दूर यूरोपीय देशों में गए या ले जाए गए थे। इस किताब से पता चलता है कि सुदूर देशों में उन्हें जोड़ने का काम गंगाजल, तुलसी और रामचरित मानस ने बखूबी किया। उनकी विवशता थी कि उन्हें दूसरे देश जाना पड़ा लेकिन उन्होंने इसे सांस्कृतिक यात्रा में बदल दिया।

मॉरिशस, फीजी, सूरीनाम, त्रिनिदाद आदि देशों में लगभग 175 साल पहले भारतीय मजदूर गए थे तो आज़ादी के बाद व्हाइट कॉलर जॉब के लिए अमेरिका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया आदि देशों में भारतीय जा बसे। लेखक ने पिछले 20 वर्षों में एशिया, उत्तरी अमेरिका, अफ्रीका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया महाद्वीपों के अनेक देशों की यात्राएँ कीं एवं दुर्लभ संदर्भों को जुटाया। किताब चार खंडों में है। पहले खंड के 6 अध्यायों में गिरमिटिया देशों में हिंदी पत्रकारिता को लिया गया है। इन देशों में प्रवासी भारतीयों को करारबद्ध श्रमिक (इंडेचर्ड लेबर) के रूप में एग्रीमेंट करके ले जाया गया था। एग्रीमेंट शब्द का अपभ्रंश ही कालांतर में गिरमिटिया हो गया।

दूसरे खंड के चार अध्यायों में उत्तरी अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप के देशों में हिंदी पत्रकारिता का आख्यान है। तीसरा खंड 6 अध्यायों में बँटा है। इसमें यूरोप महाद्वीप के ब्रिटेन, नीदरलैंड, जर्मनी, नॉर्वे, हंगरी-बुल्गारिया व रूस में हिंदी पत्रकारिता का इतिहास है। चौथा खंड एशिया महाद्वीप के जापान, संयुक्त अरब अमीरात-कुवैत-कतर, चीन-तिब्बत, सिंगापुर, म्यांमार-श्रीलंका-थाईलैंड तथा नेपाल की हिंदी पत्रकारिता को दर्शाता है। हर स्थान की परिस्थिति अलग होने से वहाँ की पत्रकारिता का रंग भी अलग रहा है।

जैसे मॉरीशस, दक्षिण अफ्रीका, फीजी आदि में रामायण या रामचरितमानस ने लोगों को बहुत गहरे जोड़े रखा था। इन देशों की पत्रकारिता में लाभ कमाना प्रयोजन नहीं था। यह बहुत सुखद भी है कि जहाँ आज भारतीय पत्रकारिता या मीडिया हाउस लाभ कमाने के संस्थान बन गए हैं वहाँ विदेशों में पैसा कमाने, पैसा उगाहने के लिए वे कम से कम हिंदी पत्रकारिता को तो हथकंडा नहीं बना रहे हैं। हिंदी कितनी जानदार-शानदार भाषा है, इसे सिद्ध करने का काम भी वहाँ पत्रकारिता के माध्यम से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप में हो रहा है। भाषा गई तो संस्कृति गई का मूलमंत्र दूसरे देशों की हिंदी पत्रकारिता में दिखता है लेकिन दुःखद है कि हमारे देश की पत्रकारिता को न तो भाषा से कोई वास्ता रहा है, न संस्कृति से। यहाँ लाभ कमाना ही अब मूलमंत्र हो गया है। ऐसा नहीं है कि वहाँ हिंदी की पत्र-पत्रिकाओं को विज्ञापन नहीं मिलते। विज्ञापन वहाँ भी छप रहे हैं, पर रेखांकित करने वाली बात यह है कि केवल विज्ञापन ही नहीं छप रहे। इस किताब को पढ़ना आत्मबोध जगाने का काम करना है कि कैसे विदेशों में बसे भारतीय हमारे देश के लिए तड़पते हैं और हम यहाँ रहकर भी अपने देश के बारे में सोच नहीं पा रहे। वहाँ बसे लोग भी पैसा कमा रहे हैं। पैसा कमाना, अच्छा जीवन जीना, भौतिक सुख-सुविधाओं का लाभ लेना उनसे बेहतर कौन जानता है पर वे केवल पैसा ही नहीं कमा रहे, यह हमें सोचना होगा। इस किताब को हर भारतीय को पढ़ना चाहिए। पत्रकारिता के विद्यार्थियों, पत्रकारों को तो पढ़ना ही चाहिए पर मीडिया हाउसेस को इसे पढ़ने और अपने सामने आईना रखने की तरह इस किताब को रखने की आवश्यकता है।

 

किताब का नाम- विदेश में हिंदी पत्रकारिता

लेखक- जवाहर कर्नावट

प्रकाशक- राष्ट्रीय पुस्तक न्यास

मूल्य- 400 रुपए


Swaraangi Sane

 

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

लोकप्रिय

उपभोक्ता मंच

- Advertisment -

वार त्यौहार