Homeपुस्तक चर्चारोमांचक पर्यटन के प्रति युवाओं की बढ़ती जिज्ञासा

रोमांचक पर्यटन के प्रति युवाओं की बढ़ती जिज्ञासा

आदि काल से ही मानव में रहस्य, रोमांस, पर्यटन, साहसिक कार्यों के प्रति प्रबल जिज्ञासा रही है, आज की अति विकसित दुनिया उसी का परिणाम है. इसीलिए, भारतीय पर्यटन में ऐतिहासिक, प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक पर्यटन के साथ – साथ विगत कुछ वर्षो से रोमांचक खेलों के प्रति युवाओं की बहुत अधिक रूचि देखने में आई है। एक प्रकार से यायावरी में रोमांचक साहसिक पर्यटन का नया अध्याय जुड़ गया है। विगत दो दशकों में पर्यटन का यह क्षेत्र अब अनेक युवाओं की विशेष पसंद बन गया है। उत्साह और ऊर्जा से भरे युवा लड़के और लड़कियां दोनों साहसिक गतिविधियों-खेलों के लिए पूर्णरूप से उत्साहित रहते हैं।

साहसिक पर्यटन का एक नया वर्ग उभर कर सामने आया है, जो बहुत सराहनीय है । यही वजह है कि देश का पर्यटन मंत्रालय, सभी राज्यों और संघ शासित राज्यों के पर्यटन विभाग साहसिक खेलों के विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। भारत सरकार के मंत्रालय ने साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं और इस से होने वाली आय और देशी-विदेशी युवाओं के बढ़ती प्रगाढ़ जिज्ञासा को देखते हुए वर्ष 2018 को साहसिक पर्यटन वर्ष के रूप में मनाया था। तभी से सभी राज्य के पर्यटन विभाग इन गतिविधियों के विकास पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

पर्यटन के इस क्षेत्र की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए राजस्थान में कोटा के पर्यटन लेखक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल ने इन खेलों पर प्रस्तुत पुस्तक का सृजन किया है। आपने अपने लेखकीय में लिखा हैं – ” भारत में प्राचीन समय से ही प्रचलित साहसिक मल्लयुद्ध, हाथीदौड़, निशानेबाजी, घुड़दौड़, बैलगाड़ी दौड़ आदि के आयोजन वैसे तो बीते समय की कहानी हो कर रह गए हैं परन्तु निशानेबाजी और घुड़दौड़ का खेलों में अभी भी महत्व बना हुआ है। साहसिक प्रदर्शन के इन आयोजनों को पीछे छोड़ कर नए और आधुनिक साहसिक खेलों और गतिविधियों ने अपनी जबर्दस्त पहचान बना कर पर्यटन विकास में नये आयाम जोड़ दिये हैं।”

आगे आप कहते हैं कि – “पर्यटन पर जाने के नाम से ही मन में उमंग की लहर दौड़ जाती हैं। पहाड़ों, जंगलों, वन्यजीव अभयारण्यों, गुफाओं आदि में लंबी दूरी तक पैदल घूमना अर्थात ट्रैकिंग पर जाना भला किसे न रोमांचित करेगा। बर्फ पर स्कीइंग स्केटिंग से फिसलने का लुत्फ कौन नहीं उठाना चाहेगा। नदियों के जल में राफ्टिंग, कैनोइंग और समुद्र की अथाह जलराशि में गोताखोरी स्नॉर्कलिंग और स्कूबा डाइविंग से समुद्र के भीतर जलीय जीवों के संसार को देख कर रोमांचित होना हर किसी को कामना होती हैं। साथ ही समुद्र पर बोट के जरिए पैरासेलिंग, समुद्र की लहरों पर लहरबाजी, बनाना बोट सवारी आदि गतिविधियों से हर कोई आनंदित होना चाहता है।

बंजी जंपिंग और जिप लाइनिग के तो कहने ही क्या, जो पूर्ण साहस और रोमांस से भरपूर हैं। हॉट एयर बेलून, पैराग्लाइडिंग, पैरासेलिंग और रोप-वे से खुले आसमान से प्रकृति के नजारें कोन नहीं देखना चाहेगा। ऊंट सफारी, घोड़ा सफारी, हाथी सफारी, जीप सफारी, माउंटेन बाइकिंग, साइकलिंग से आंनद की कोई सीमा नहीं है। रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का अपना अलग ही मनोरंजन है। समुद्री जहाज-क्रूज – बोट से साहसिक समुद्री यात्रा का रोमांस वही बता सकता है जिसने इनका लुत्फ उठाया है। मानसरोवर यात्रा, अमरनाथ यात्रा, वैष्णोदेवी यात्रा, नंदा देवी जैसी धार्मिक यात्राएं भी कम साहसपूर्ण नहीं हैं, हालांकि इनमें अधिकांश घरेलू पर्यटक ही शामिल होते हैं।

पुस्तक की उपदेयता और पर्यटन के क्षेत्र को बढ़ावा देती संदर्भित कृति के बारे में देश के जाने माने लेखक और प्रसिद्ध पत्रकार ललित गर्ग ने पुस्तक के संदर्भ में अपना मंतव्य यूँ प्रकट किया है – ” लेखक ने एक अच्छे विषय को लिया है। रोमांच के बिना जिंदगी में कोई मजा नहीं है। एडवेंचर स्पोर्ट्स का नाम सुनते ही तन मन में रोमांच भर जाता है। एडवेंचर स्पोर्ट्स हमारी जीवन को थ्रिलिंग से भर देते हैं ।”

समीक्ष्य पुस्तक में 23 अध्याय है। पहले अध्याय में रोमांचक साहसिक पर्यटन की अवधारणा की व्याख्या की है। आगे के अध्यायों में क्रमश: लहरबाजी (वाटर सर्फिग), स्नार्कलिंग और स्कूबा डाईविंग, वाटर राफ्टिंग, केरल में बैकवाटर का रोमांच, वाटर स्पोर्ट के लिए प्रसिद्ध समुद्री बीच, सी-प्लेन, साहसिक समुद्री यात्रा, ट्रैकिंग, राक क्लाइंबिंग, पर्वतारोहण, बर्फ पर स्कीइंग का रोमांच, अचम्भित करते हैं, पर्वतीय रेलवे, हाट एयर बैलून राइड, पैराग्लइडिंग, पैरामोटर ग्लाइडिंग, बंजी जम्पिंग, जिप लाइनिंग, वन्यजीव सफारी एवं पक्षी अवलोकन, रहस्यमयी प्रसिद्ध गुफाएं, रेगिस्तान पर साहसिक पर्यटन, अनोखे मनोरंजन पार्क और विविध साहसिक खेलों को मनोरंजक रूप से वर्णित किया है।

इन सभी खेलों की तकनीक, इन खेलों के प्रसिद्ध स्थान, प्रशिक्षण, प्रशिक्षित गाइड, खेल की राशि, ट्रेकिंग के रूट और समय आदि की विस्तृत जानकारी देते हुए इनके जोखिम से भी सचेत किया गया है। वन्यजीव अभयारण्य, रहस्यममयी गुफाओं, पर्वतीय टॉय ट्रेनों, सी – प्लेन, समुद्र में पानी के जहाज से यात्रा आदि पर पाठक को सम्पूर्ण जानकारी एक ही जगह उपलब्ध है।

पुस्तक-लोकार्पण के समारोह में पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने कहा था, ” यह पुस्तक निश्चित रूप से साहसिक खेलों पर आधारित पर्यटन को बढ़ावा देगी। इनकी पर्यटन संबंधी सभी पुस्तकें बहुउपयोगी होती हैं।”

जगह – जगह साहसिक खेलों के चित्र भी पाठक को आश्चर्य चकित करते हैं। आवरण विषयानुरूप और आकर्षक है। साज -सज्जा लुभावनी है।

पुस्तक : रोमांचक साहसिक पर्यटन
लेखक : डॉ. प्रभात कुमार सिंघल, कोटा
प्रकाशक : वीएसआरडी एकेडमिक पब्लिशर, मुंबई
प्रकाशन : नवम्बर, 2021
मूल्य : 142 रुपए
एक्सपोर्ट प्राइस : US $14.00
पृष्ट : 127
प्रकार : पेपर बैक
ISBN-13: 978-93-91462-42-0

समीक्षक
डॉ.कृष्णा कुमारी
कोटा (राज.)

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

लोकप्रिय

उपभोक्ता मंच

- Advertisment -

वार त्यौहार