कोटा / राजस्थान में कोटा के लेखक एवं पत्रकार डॉ. प्रभात कुमार सिंघल को युवा उत्कर्ष साहित्यिक मंच न्यास, नई दिल्ली द्वारा रविवार को दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी में लाइफ टाइम्स अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। संस्था के 12 वें अखिल भारतीय साहित्य समारोह में डॉ. सिंघल को डी.पी.चतुर्वेदी स्मृति में लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान पांच हजार एक सौ रुपए राशि के पुरस्कार से अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विगत चार दशकों से निरंतर अपने उत्कृष्ट मौलिक सृजन के द्वारा हिंदी भाषा,पत्रकारिता,इतिहास, कला, संस्कृति और हिंदी साहित्य के उन्नयन हेतु उल्लेखनीय योगदान हेतु प्रदान किया गया। इनके साथ – साथ देश के 8 साहित्यकारों को भी विविध विधाओं में मौलिक सृजन के लिए पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
समारोह के प्रमुख मुख्य अतिथि पूर्व आइए एस विनोद प्रकाश गुप्ता, मुख्य अतिथि महेश दिवाकर, अध्यक्ष शैलेन्द्र कपिल एवं अन्य अतिथियों ने माला पहना कर, शाल ओढ़ा कर सम्मान पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर साहित्यकारों का सम्मान किया। संस्था अध्यक्ष रामकिशोर उपाध्याय ने सभी का स्वागत किया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। समारोह में साहित्यिक विषयों पर परिचर्चा, रामकिशोर उपाध्याय की पुस्तक लालटेन सहित कई लेखकों की पुस्तकों और संस्था की वार्षिकी का विमोचन और काव्य गोष्ठी का आयोजन भी किया गया।

