मुंबई। भारतीय रेल कार्मिक सेवा (IRPS) के 1999 बैच के वरिष्ठ अधिकारी श्री सहर्ष बाजपाई ने मंगलवार, 03 फ़रवरी 2026 को पश्चिम रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी का पदभार ग्रहण किया।
इससे पूर्व श्री बाजपाई भारतीय रेल में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं कार्मिक संबंधी पदों पर कार्य कर चुके हैं। आपने उत्तर पूर्वोत्तर रेलवे, मध्य रेल तथा महाराष्ट्र मेट्रो में प्रमुख भूमिकाओं का निर्वहन किया है। आपके द्वारा संभाले गए उल्लेखनीय पदों में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, पुणे; अध्यक्ष, रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, मध्य रेल; उप मुख्य कार्मिक अधिकारी; अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक, पुणे; महा मेट्रो में महाप्रबंधक (मानव संसाधन); तथा मध्य रेल में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी शामिल हैं।
श्री सहर्ष बाजपाई ने नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर से लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर (MPA) की डिग्री प्राप्त की है। आपको मानव संसाधन प्रबंधन, कार्मिक प्रशासन तथा नीति निर्माण के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपने करियर के दौरान आप मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) को सुदृढ़ करने, कार्मिक प्रशासन में सुधार लाने तथा कर्मचारी-केंद्रित शासन पद्धतियों को बढ़ावा देने में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं।
फील्ड इकाइयों एवं मुख्यालय स्तर पर आपके व्यापक अनुभव ने आपको कार्मिक प्रबंधन के प्रति संतुलित एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने में सक्षम बनाया है। श्री बाजपाई ने INSEAD, सिंगापुर; ICLIF, मलेशिया; KOTI, दक्षिण कोरिया; तथा SWJTU, चीन जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी भाग लिया है।

