भुवनेश्वर झारपाड़ा श्रीश्याम मंदिर में श्रीश्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय श्रीश्याम फाल्गुनी महोत्सव में आयोजित भजन समारोह तथा श्रीश्याम के संग फूलों की होली खेलने के साथ संपन्न हो गया। आमंत्रित भजन गायिका मोहिनी केडिया ने अपने सहयोगी गायक दामोदर पोद्दार के साथ मिलकर अपनी भजन गायकी का बेहतरीन प्रदर्शन किया। अवसर पर श्रीमती सुशीला गुप्ता ने भगवान श्रीकृष्ण की अतिमोहक फोटो बाबा को भेंट की वहीं श्रीमती मंजु अग्रवाल ने बाबा खाटू श्याम के साथ लगभग एक क्विंटल फूलों से होली खेलीं।
गायिका मोहिनी केडिया ने बड़ी आत्मीयता के साथ सबसे पहले तो दिन में श्रीश्याम अखण्ड पाठ किया और उसके उपरांत “आज बिरज में होली खेले रसिया” जैसे अनेक होली के गीत गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर में उपस्थित अधिकांश महिलाओं ने श्रीश्याम के साथ नाच -नाच कर और गा-गाकर फूलों की होली खेलीं।यह पहला ऐसा धार्मिक आयोजन था जिसमें आयोजन के अंतिम दिन उपस्थित सभी बाबा खाटू श्याम भक्तों ने उनके साथ फूलों की होली खेली।अंत में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में राम अवतार खेमका, सुशीला अग्रवाल तथा मंदिर के सभी पंडितों और अन्य कार्यकर्ताओं का असाधारण सहयोग रहा। अपने आभार प्रदर्शन में सुरेश कुमार अग्रवाल, महासचिव श्री श्याम सेवा ट्रस्ट झारपाड़ा तथा कार्यक्रम संयोजक ने सभी के पूर्ण सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

