धर्मा प्रोडक्शन्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म धड़क 2, एक सामाजिक मुद्दों पर आधारित रोमांटिक ड्रामा, 1 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म 2018 की सुपरहिट फिल्म धड़क का सीक्वल और तमिल फिल्म परियेरम पेरुमल का रीमेक है।
धड़क 2 न केवल एक प्रेम कहानी है, बल्कि जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता जैसे गंभीर मुद्दों पर केंद्रित है। निर्देशक शाजिया इकबाल ने इस कहानी को संवेदनशीलता और साहस के साथ पेश किया है, जो दर्शकों को गहरे सोच में डालती है।
जबलपुर की बेटी आरती जोशी खले ने फिल्म में एक परंपरावादी परिवार की मां की भूमिका निभाई है, जो अपने बेटे की शादी में परंपराओं को मजबूती से थामे हुए है। उनके अभिनय ने इस किरदार को जीवंत कर दिया है, खासकर बारात के नृत्य प्रदर्शन वाले दृश्य में, जो दर्शकों का दिल जीत रहा है।
आरती जोशी, जो स्वर्गीय अभिनेत्री पुष्पा जोशी की बेटी हैं, ने अपने अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान खींचा है। जबलपुर में जन्मी और पढ़ी-लिखी आरती, वर्तमान में इंदौर में एक बिजनेसवुमन हैं।
इससे पहले भी आरती ने नीरज घायवान की कांस फिल्म समारोह में प्रशंसित फिल्म होमबाउंड में भी अपने अभिनय का जलवा दिखाया था, जो अभी रिलीज़ होनी है।
धड़क 2 एक ऐसी फिल्म है जो मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी फैलाती है। जबलपुर की आरती का अभिनय इस फिल्म को और खास बनाता है। यदि आप एक ऐसी फिल्म देखना चाहते हैं जो दिल को छू जाए और सोचने पर मजबूर करे, तो धड़क 2 आपके लिए जरूर देखने लायक है।

