कांग्रेस द्वारा स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा आक्रामक हो गई है। मुंबई के शिवाजी पार्क स्थिति सावरकर स्मारक के पास मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के विरोध में आंदोलन किया। यहां पर शेलार ने कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस माफी नहीं मांगती है तो भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस विधायकों के कार्यालय के सामने आंदोलन करेंगे। शेलार ने कहा कि सावरकर की देशभक्ति पर आशंका जताने वाली कांग्रेस ने देश की देशप्रेमी जनता का अपमान किया है। इसलिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। क्योंकि कांग्रेस ने न केवल सावरकर जैसे देश भक्त का अपमान किया है बल्कि देश की जनता का अपमान किया है।
शेलार ने कहा कि कांग्रेस एक तरफ देश विरोधी घोषणाबाजी करने वालों का समर्थन करती है दूसरी ओर सावरकर जैसे देशभक्त का अपमान किया जाता है। यह बात भाजपा सहन नहीं करेंगी। इस आंदोलन में पार्टी के कई विधायक और सांसद भी शामिल हुए।

