जल शक्ति मंत्रालय ने मंगलवार को एक इंटर्नशिप प्रोग्राम की घोषणा की, जिसके तहत चुने हुए उम्मीदवारों को मंत्रालय की मीडिया और सोशल मीडिया गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस प्रोग्राम में चयनित छात्रों को महीने का 15,000 रुपये का मानदेय और सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी करने पर प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
इस इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए डिपार्टमेंट ऑफ वॉटर रिसोर्सेज, रिवर डेवलपमेंट एंड गंगा रिजनरेशन (DoWR, RD & GR) ने स्नातक या स्नातकोत्तर स्तर के छात्र और शोधकर्ता जो मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान में मास कम्युनिकेशन के क्षेत्र में अध्ययन कर रहे हैं, को आवेदन करने के लिए आमंत्रित किया है।
इंटर्नशिप की अवधि 6 से 9 महीने होगी और आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 नवंबर 2025 है। इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं: https://mowr.nic.in/
योग्यता के अनुसार, आवेदनकर्ता ने मास कम्युनिकेशन या पत्रकारिता में स्नातक पूरा किया हो, या पीजी/डिप्लोमा कर रहे हों (स्नातक पूरा होने के बाद) या MBA (Marketing) में अध्ययनरत हों। उम्मीदवार को मान्यता प्राप्त कॉलेज/विश्वविद्यालय से होना चाहिए और सभी शर्तें दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी करनी होंगी।
इसके अलावा, जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग (DDWS) ने हाल ही में ग्रामीण पेयजल योजनाओं के डिजिटलीकरण में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। नए RPWSS (Rural Piped Water Supply Schemes) मॉड्यूल के जरिए ग्रामीण जल आपूर्ति योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

