वामपंथियों के गढ़ केरल में मुन्नार के शांत पहाड़ी इलाके में इस बार पंचायत चुनाव दिलचस्पी का केंद्र बना हुआ है। वजह है भाजपा की वह उम्मीदवार जिसका नाम सुनकर लोग चौंक जाते हैं, सोनिया गाँधी। 34 वर्षीय यह सोनिया गाँधी नल्लथन्नी कल्लर की रहने वाली हैं और पहली बार नल्लथन्नी के वॉर्ड 16 से पंचायत चुनाव में किस्मत आजमा रही हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनिया के पिता भी कॉन्ग्रेस से जुड़े रहे थे और उन्होंने पूर्व कॉन्ग्रेस अध्यक्षा सोनिया गाँधी से प्रभावित होकर अपनी बेटी को यह नाम दिया था। माना जाता है कि उनका परिवार आज भी कॉन्ग्रेस का ही समर्थक है। हालाँकि, शादी के बाद सोनिया गाँधी की किस्मत बदल गई।
सोनिया के पति सुभाष बीजेपी के पंचायत महासचिव हैं और उन्होंने ओल्ड मुन्नार मुलक्कड़ से पहले उपचुनाव भी लड़ चुके हैं। समय के साथ, सोनिया भी भाजपा में शामिल हो गईं। सोनिया का कहना है कि उनके पति बीजेपी में हैं और वह हमेशा से उनका समर्थन करती रही हैं। बकौल सोनिया, पति के समर्थन के कारण ही वह बीजेपी से चुनाव मैदान में उतरी हैं।
बीजेपी की सोनिया गाँधी का इस सीट पर मुकाबला कॉन्ग्रेस की मंजुला रमेश और CPM की वलारमती से है। केरल में 9 और 11 दिसंबर को दो चरणों में पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं। राज्य की 941 ग्राम पंचायतों, 152 ब्लॉक पंचायतों, 14 जिला पंचायतों, 87 नगर पालिकाओं और 6 नगर निगमों में होने हैं। इनमें 21,000 से अधिक वार्ड में 75,000 से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

