गूगल की विडियो शेयरिंग वेबसाइट यू-ट्यूब बच्चों के लिए एक विशेष ऐप ‘यू-ट्यूब किड्स‘ लॉन्च कर दिया है। इस ऐप की मदद से पैरंट्स उस कन्टेंट पर लगाम लगा सकेंगे, जो बच्चों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। गूगल और अन्य सर्च इंजन पर आजकल फेवरेट विडियोज और गेम्स को डाउनलोड करना बेहद आसान हो गया है, लेकिन कई पर सर्च इंजन पर कोई खास शब्द टाइप करने से ही कई अश्लील कन्टेंट भी सामने आ जाते हैं।
एक्सपर्ट की मानें तो छोटी उम्र में अगर बच्चों के इंटरनेट सर्च पर सावधानी नहीं बरती गई तो आगे चलकर यह खतरनाक साबित हो सकता है। यू-ट्यूब किड्स इस नजरिए से पैरंट्स की मुश्किल आसान कर सकता है। इस ऐप के आने के बाद फेसबुक और ट्विटर जैसी साइट्स भी अडल्ट कॉन्टेंट को रोकने के लिए कई नए फीचर्स ला सकती हैं।
बता दें कि यह फ्री ऐप केवल गूगल के एंड्रॉएड डिवाइसेस में ही उपयोग किया जा सकेगा।
यूट्यूब प्रोडक्स मैनेजर शिमरिट बेन-येर ने बताया कि यूट्यूब के विडियो को देखने में हर साल 50 फीसदी से ज्यादा दर्शकों में वृद्धि हो रही है। बेन-येर ने कहा, ‘हमेशा अभिभावक उनसे कहते थे कि क्या यूट्यूब को आप हमारे बच्चों के लिए सुरक्षित कर सकते हैं।’
ऐप की खासियत
यू-ट्यूब किड्स पर 4 साल का बच्चा भी मनपसंद कन्टेंट सर्च कर सकता है। जरूरी नहीं कि बच्चा उस कन्टेंट की स्पेलिंग जानता हो, वायस सर्च से भी कन्टेंट ढूंढा जा सकता है। अगर बच्चा गलती से सेक्स या पॉर्न कन्टेंट सर्च करता है तो यह ऐप उसे कुछ और ढूंढने के लिए कहेगा। इस ऐप में पैरंट्स आसानी से बच्चे का टाइम निर्धारित कर सकते हैं कि वह कितनी देर इस ऐप पर ऐक्टिव रह सकता है।
डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए’ का सातवां सीजन शुरू होने से पहले ही चर्चाओं में है। सुनने में आ रहा है कि मशहूर फिल्म निर्माता महेश भट्ट और उनकी पत्नी सोनी राजदान से इस सीजन के लिए संपर्क किया गया है।
‘नच बलिए’ के इस सीजन को जानी-मानी निर्माता निर्देशक एकता कपूर प्रोड्यूस कर रही हैं। माना जा रहा है कि भट्ट कपल अपने बिजी शेड्यूल में से कुछ वक्त निकालकर इस शो के कुछ एपिसोड में नजर आ सकता है। ऐसे में यदि सब कुछ ठीक रहा तो महेश भट्ट ओर सोनी राजदान को साथ में डांस करते देखना उनके फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होगा।
इंटरनेट की गंदगी से यू ट्यूब बचाएगा बच्चों को
भारतीय राजनेता अब जन नेता नहीं, निकम्मे हैं
निकम्मापन जरा ज्यादा सख्त शब्द है। लेकिन फिलहाल हमारी राजनीति के लिए यही शब्द इस्तेमाल करने का मन हो रहा है। क्यों हो रहा है? इसलिए हो रहा है कि आज से 50-60 साल पहले की राजनीति मैंने देखी है। इंदौर और दिल्ली में लगभग सभी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ काम करने का अवसर मुझे मिला है। क्या फर्क है, उन दलों में और आज के दलों? पहले भी सत्ता के लिए जबर्दस्त होड़ होती थी। वोट पटाने के लिए जाति, मजहब, भाषा, शराब, पैसा और छल-कपट का प्रयोग भी होता था लेकिन यह सब खटकर्म सिर्फ चुनाव के दिनों में चलता था।
शेष पांच साल क्या होता था? विभिन्न राजनीतिक दलों की जो भी विचारधारा होती थी, सभी नेता और कार्यकर्ता उसके प्रचार-प्रसार में जुटे रहते थे। बड़े-बड़े सम्मेलन होते थे, जिनमें खादी, स्वावलंबन, सफाई, बुनियादी तालीम, अस्पृश्यता निवारण आदि के कार्यक्रम कांग्रेस चलाती थी। समाजवादी पार्टी जात तोड़ों, अंग्रेजी हटाओं, दाम बांधों, भारत-पाक एका आदि आंदोलन चलाती थी। कम्युनिस्ट पार्टियां मजदूरों और किसानों के संगठन बनाकर उनमें वर्ग-चेतना पैदा करती थी। उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने लायक बनाती थी। उन्हें मार्क्सवाद की शिक्षा देती थी। जनसंघ जैसी पार्टियां राष्ट्रवाद का मंच ढूंढती थी। गोरक्षा-गोसेवा, हिंदी-प्रचार, भारतीय परंपराओं की रक्षा, गोवा मुक्ति आंदोलन, विदेशी मिश्नरी के विरुद्ध अभियान आदि चलाती थीं।
लेकिन अब क्या हो रहा है? अब विचारधारा का निधन हो गया है। सारे दल निर्धन हो गए हैं। एक रुप हो गए हैं। एकायामी हो गए हैं। किसी भी कार्यकर्ता और नेता की अलग पहचान नहीं बची है। इसीलिए आए दिन पार्टी-बदल के किस्से सुनने को मिलते हैं। बड़े-बड़े समझे जाने वाले नेता अपने जूतों की तरह पार्टियां बदल लेते हैं। ये पार्टियां क्या करती हैं? इन सभी पार्टियों का एक ही लक्ष्य होता है। वोट और नोट। इसीलिए चुनाव के अलावा उन्हें कुछ नहीं सूझता। अब राजनीतिक दल राजनीति नहीं करते। सिर्फ चुनाव लड़ते हैं। वे चुनावी मशीनें बन गई हैं। उन्हें सिर्फ सत्ता से मतलब है, सेवा से नहीं। वे समझते हैं कि सिर्फ सत्ता ही ब्रह्म है। बाकी सब मिथ्या है। सत्ता का अर्थ उनके लिए क्या है? प्रधानमंत्री बनना और मुख्यमंत्री बनना। अपने-अपने मंत्रिमंडल खड़े करने। याने नौकरशाही पर कब्जा करना? जो कुछ करना नौकरशाही के जरिए करना। पार्टी तो सत्ता में आते ही पर्दे के पीछे चली जाती है। उसका काम है सिर्फ जय-जयकार करना। अपने नेताओं की हर बात पर मुहर लगाना। या फिर दलाली करना और पैसे बनाना। इसे क्या आप राजनीति कहेंगे? नेता और पार्टियां एक-दूसरे से सिर्फ इसीलिए भिड़ती हैं कि उनमें से नौकरशाहों की नौकरी किसे मिलेगी? सत्ता में आने का मतलब ही हो गया है नौकरशाहों की नौकरी करना। असली राजनीतिक कर्म तो गौण हो गया है। इसे ही मैं निकम्मापन कहता हूं।
(साभार: नया इंडिया)
गाँधी की लाठी से अगरबत्ती की काढ़ी तक का सफर
मध्यप्रदेश के सीधी से 15 किलोमीटर की दूरी पर है बैगा जनजाति बहुल गाँव गाँधीग्राम। मात्र ढाई-तीन साल में लोगों के जीवन-स्तर में सुखद बदलाव देखना है तो गाँधीग्राम जाइये। इस ग्राम और आसपास के गाँव- कोल्हूबीह, हसवा, बहेरटा, तेजवा, दरिया, कुडिन, गुरियरा, नेबुहा, अधियारी खोह, सतपहरी, पदखुरी, बिसमीटोला आदि की 2500 महिलाएँ पिछले तीन साल से अगरबत्ती उद्योग से जुड़कर घर की मुख्य कमाऊ सदस्य बन चुकी हैं। इनकी अगरबत्ती सीधी, रीवा, मैहर, सतना, जबलपुर, सिंगरौली और ब्यौहारी के बाजार में अपनी पैठ बनाने के साथ ही राष्ट्रीय बाजार में जगह बनाने के प्रयास कर रही हैं। कोलकाता के लिये अनुबंध मिल चुका है तो शिलांग तक इनकी अगरबत्ती पहुँच चुकी है। 'माँ चामुण्डा'' नाम से यह अगरबत्ती उत्तरी-पूर्वी भारत में अपना स्थान बनाने का प्रयास कर रही है। अगरबत्ती से एक महिला को 150 से 200 रुपये रोजाना की आमदनी हो रही है।
अभी सब कुछ जितना सुनहरा दिख रहा है, गाँधीग्राम क्षेत्र में, तीन साल पहले हालात बिलकुल उलटे थे। बैगा, कोल, गोंड, साकेत आदि आदिवासी मात्र लकड़ी काटने-बेचने तक ही थे। महिला-पुरुष जंगल जाते, पेड़ों को काटते, सूखी लकड़ी बीनते-बेचते और पेट भरने लायक आमदनी से ही संतुष्ट हो जाते। न ठीक से तन ढँकता, साफ-सफाई, बच्चों की शिक्षा की ओर तो कोई ध्यान ही नहीं, जंगलों को नुकसान पहुँचाते सो अलग।
ऐसे में वन विभाग ने इनकी आमदनी बढ़ाने का बीड़ा उठाया। वर्ष 2012 में गाँधीग्राम में अगरबत्ती बनाने का प्रशिक्षण केन्द्र खोला गया। शुरू में इक्का-दुक्का को छोड़ ग्रामीणों ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई। वन विभाग ने घरों में ही कच्चा मसाला पहुँचाया, बनाना सिखाया, बिक्री कर आमदनी हाथ पर रखी, तो ग्रामीण महिलाओं का हौसला बढ़ा। शुरू में स्व-सहायता समूह द्वारा 450 महिलाओं को अगरबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। इनमें से 20 महिलाओं को मास्टर-ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया। इन मास्टर-ट्रेनर ने गाँधीग्राम और आसपास के गाँव के 60 स्व-सहायता समूहों की 600 महिलाओं को प्रशिक्षित किया। गाँधीग्राम प्रशिक्षण केन्द्र में केवल 50 महिला ही काम कर रही हैं। बाकी अपने-अपने घरों में ही अपनी सुविधा से अगरबत्ती बनाती हैं। एक माह में लगभग 12-15 क्विंटल अगरबत्ती बन रही हैं।
वन विभाग द्वारा जंगल से आदिवासियों का ध्यान हटाने और जीवन-स्तर में सुधार की कुछ और गतिविधियाँ भी यहाँ संचालित हैं। इनमें बेम्बू ज्वेलरी, फटे कपड़ों से रस्सी, बाँस से कोयले के ब्रिकेट और आइस्क्रीम स्टिक, सीसल रेशे से हस्तशिल्प, महुआ के व्यंजन तथा अचार बनाना और मधुमक्खी पालकर शहद निकालना आदि हैं। पिछले साल भोपाल के प्र-संस्करण केन्द्र में करीब 10 क्विंटल शहद भेजा गया। अगरबत्ती काड़ी बनाने के लिये विभाग ने बाँस खरीदी केन्द्र बनाया है, जिसमें स्थानीय किसान खुद ही बाँस बेच जाते हैं। अगरबत्ती निर्माण में लगने वाली मशीनें भी उपलब्ध करवा रखी हैं। इन मशीनों द्वारा बाँसों की कटाई, साइजिंग से प्राप्त वेस्ट मेटेरियल भी अगरबत्ती बनाने में काम आ जाता है।
गाँधीग्राम में अगरबत्ती बनाती हुई महिलाओं की खिलखिलाहट, बातचीत में झलकता आत्म-विश्वास बताता है कि वे आत्म-तुष्टि से भरपूर जीवन जी रही हैं। वे न केवल अच्छा खा और पहन रही हैं, बल्कि बच्चे को भी स्कूल भेज रही हैं।
इससे पहले ये भी खबरें आई थीं कि शो को जज करने के लिए फिल्म निर्देशक अनुराग बसु से संपर्क किया गया है। यदि अनुराग बसु शो को जज करने के लिए हां कर देते हैं तो वे साजिद खान की जगह लेंगे। शो की दूसरी जज शिल्पा शेट्टी को भी बदले जाने की खबरें आ रही हैं।
मैं तब विनोद मेहता के पास नौकरी माँगने गया था
मुझे जुलाई 1995 में आउटलुक में काम करने का मौका मिला था। मैं एक कॉलेज ग्रेजुएट था और मेरे पास सिर्फ नौ महीने का प्रिंट एक्सपीरिएंस था। नौकरी कोलकाता संवाददाता की थी जिसके लिए पद्मानंद झा जिन्हें पैडी भी कहा जाता था, ने मेरा 10 मिनट का इंटरव्यू किया था।
‘इंटरव्यू का नेक्स्ट स्टेज कब होगा सर?’ मैंने पैडी से पूछा।
‘कौन सा नेक्स्ट स्टेज?’ पैडी ने मुझसे ही सवाल किया।
‘विनोद मेहता के साथ सर।’ मैंने लड़खड़ाते हुए कहा।
‘वह जरूरी नहीं, मैं विनोद से कह दूंगा कि मैं तुमसे मिल चुका हूं और तुम ओके हो।‘ पैडी ने सीधे सीधे जवाब दिया, जोकि उनका स्टाइल था।
‘तो ठीक है, शुक्रिया सर।’ मैंने जवाब दिया और सफदरजंग एनक्लेव के धूल भरे बाजार में आउटलुक के दफ्तर के बाहर पांच घंटों तक इंतजार करता रहा कि कब विनोद मेहता को देख सकूं। मैं चाहता था कि मैं उनसे कहूं कि पैडी ने मेरा इंटरव्यू लिया है और मैं जल्द ही आउटलुक जॉइन करने वाला हूं।
‘यह तो बहुत अच्छा हुआ।’ मैं चाहता था कि वह मुझसे कहें और फिर मुझे कॉफी पर बुलाएं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह एक लीजेंड थे और उनसे मिलना किसी सपने से कम नहीं था।
दुर्भाग्य से मैं उस दिन विनोद मेहता से नहीं मिल पाया। चूंकि मुझे दिल्ली में काम करना था, इसलिए मैंने अगले दिन दूसरी कई जगहों पर इंटरव्यू दिए और टीवी रिपोर्टर के रूप में अपने कॅरियर की शुरुआत की।
करीब 15 साल बाद, मैंने विनोद को यह आपबीती बताई, जब हम मुंबई से दिल्ली आ रहे थे। Times Now घोटालों पर एक्सक्लूसिव स्टोरी कर रहा था। विनोद सारी डीटेल्स जानना चाहते थे और लगभग दो घंटों तक हम बातचीत करते रहे।
‘तो, विनोद, आप मुझे क्या सलाह देंगे?’ जब हम फ्लाइट से उतरे तो मैंने उनसे पूछा। मैंने पंद्रह साल पहले छूट गई बात को मानो उस दिन पूरा करने की कोशिश की।
‘अपनी रफ्तार धीमे मत करो। अगर तुम्हारी स्टोरी सही है तो तुम भी सही हो। बाकी की बातों के बारे में मत सोचो।‘ उन्होंने कहा।
हमने अपना सामान उठाया और मैं उनके साथ उनकी कार तक गया।
‘अगर मैं तुम्हारी उम्र का होता तो मैं भी वही कहता।’ उन्होंने बात खत्म की।
मैं सोचता हूं कि काश, मैं विनोद से यह सब कह पाता। लेकिन उस दिन से मुझे पक्का यकीन हो गया कि उन जैसा संपादक और कोई नहीं हो सकता।
विनोद मेहता का मार्गदर्शन मुझे हमेशा मिलता रहा। उनके शॉर्ट फोन कॉल्स और मेरे फोन की मेमोरी में उनके टेक्स्ट मैसेज, मुझे हमेशा याद रहेंगे- तुम सही ट्रैक पर हो या तुम्हारे चैनल पर हेडलाइन तो ठीक है लेकिन स्टोरी बहुत वीक है या तुमने डिबेट के लिए सही स्टोरी ली है- अगर दूसरों ने नहीं ली हो तो कोई फर्क नहीं पड़ता।
कई बार वह टीवी डिबेट में दिखने वाले गुस्से या तनाव से परेशान हो जाते। एक बार एक जबरदस्त बहस के बाद उन्होंने कहा, ‘अर्णब, मैं टीवी फन(Fun) के लिए करता हूं। पर सोचता हूं कि अगली बार स्किप(skip) कर लूं।’ उस बहस में कई पैनलिस्ट उन पर चढ़ गए थे। मैं उन्हें तुरंत फोन किया और कहा, ‘अगर आप ऐसा चाहते हैं तो ऐसा ही होगा। चलिए बताइए, क्या खबर है।’
विनोद ऐसे थे। कोई दुर्भावना नहीं, कोई बुरा खयाल नहीं। कोई राजनीति नहीं और छिपाने के लिए भी कुछ नहीं। बहुत ज्यादा ईमानदार और अच्छी स्टोरी के लिए भूख।
लेकिन विनोद की प्रशंसा करने के बाद क्या मैं उनसे सहमत भी होता था? बिल्कुल नहीं। हम तो Times Now के स्टूडियो में मिलने वाले सैंडविच की क्वॉलिटी पर भी एक मत नहीं रखते थे। हम कश्मीर, पाकिस्तान, नक्सलवाद, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और उनकी मैगजीन में छपने वाले लंबे लेखों- किसी भी बात पर सहमत नहीं होते थे। मुद्दों पर असहमतियों के चलते ही वह न्यूज़ ऑवर की डिबेट्स से दूर रहना पसंद करते थे क्योंकि ज्यादातर मौकों पर हम बातचीत करते-करते झगड़ ही पड़ते थे। लेकिन हमारे बीच की ईमानदार असहमतियां-सीधे तौर पर होती थीं। बहुत से लोगों ने तो उनका बायकॉट करना शुरू कर दिया था, जब उन्होंने राडिया टेप्स वाले मामले को एक्सपोज किया था। विनोद उपदेश नहीं देते थे, न ही फैसले सुनाते थे और न ही बीच-बचाव की मुद्रा में आते थे- वह जैसे थे- वैसे थे।
‘क्या तुम मेरी नई किताब के लिए आओगे?’ उन्होंने मुझसे पिछले साल नवंबर में पूछा था। वह चाहते थे कि मैं उनसे उनकी नई किताब के बारे में बात करूं।
‘बेशक’, मैंने बिना हिचके उनसे कहा। इससे पहले उनकी किताब लखनऊ बॉय के लॉन्च पर भी मैंने उनसे बात की थी।
‘अर्णब मैं बहुत एक्साइटेड हूं। यह इवेंट मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं इन दिनों ट्विटर पर भी हूं।‘ वह बच्चों की तरह उत्साहित थे।
‘मैं आपके साथ वह इवेंट करूंगा और फिर हम न्यूज़ ऑवर में मिलेंगे।‘ मैंने कहा।
‘अर्णब परेशान मत हो। तुम चाहोगे तो हम वहीं से न्यूज़ ऑवर कर लेंगे।‘ उन्होंने हंसते हुए कहा।
वह उस दिन भी बहुत खुश थे। वह आखिरी दिन था, जब मैंने उनसे बात की थी। मैं उनकी बुक रिलीज का इंतजार कर रहा था। बातचीत के एक हफ्ते बाद उनके पब्लिशर ने मुझे किताब की एडवांस कॉपी भेज दी। मैंने उस किताब को दो बार पढ़ा। इतना कंप्लीट सीक्वेल मैंने कभी नहीं पढ़ा था। विनोद कलम के धनी थे। उन्होंने अपनी जिंदगी को दो फाड़ करके लिखा था। उनकी जिंदगी का पहला हिस्सा लखनऊ बॉय में था और दूसरा हिस्सा इस किताब में। ऐसा नहीं था कि इस किताब में वह जिंदगी को अलविदा कह रहे थे लेकिन पता चलता था कि वह शांत मुद्रा में चले गए हैं। जैसे खुद से मिलने के लिए।
इवेंट से पहले ही वह बीमार हो गए और हमारी बातचीत अधूरी रह गई। उनकी किताब लॉन्च हो गई- एडिटर्स अनप्लग्ड।
9 फरवरी को मैं उनसे एम्स में मिला। मैंने उनसे कहा कि दिल्ली में एक्जिट पोल्स का क्या पूर्वानुमान था, इलेक्शन पैनल में मैंने उन्हें कितना मिस किया, मुझे उनकी किताब कितनी पसंद आई। मैं उनसे लगातार बातें करता रहा।
उन्होंने मेरा हाथ थामा और मैंने उनसे कहा कि मैं उनकी ईमानदारी की कितनी कद्र करता हूं। मुझे इस बात की कितनी तकलीफ है कि मैंने कभी उनके साथ काम नहीं किया। विनोद आईसीयू में ज्यादा बात नहीं कर सकते थे लेकिन मैं जानता हूं कि वह सब सुन रहे थे। मैं उनसे बहुत सारी बातें करना चाहता था लेकिन डॉक्टर्स ने मुझसे कहा कि उन्हें आराम की जरूरत है। मैं जानता था कि हमारी बातचीत अधूरी रह गई है।
एम्स से लौटने के बाद भी मैं सुमित्रा से बात करता रहा- वह उनकी असली ताकत थीं। मैं उन्हें शांत करने की कोशिश कर रहा था लेकिन मैं भीतर से बहुत अशांत था। आप क्या कहेंगे जब आपका आदर्श, जिसकी तरह आप बनना चाहते हैं, एक ऐसा संपादक जो आपको कभी नहीं मिलेगा, एक मुश्किल संघर्ष कर रहा हो।
बहुत से लोग मुझसे पूछते हैं कि पत्रकारिता में मेरा आदर्श कौन है। आज मैं कहना चाहता हूं- विनोद मेहता हमेशा से मेरा आदर्श हैं और रहेंगे। अपने दौर के बेहतरीन इंसान और एक महान संपादक।
(टाइम्स नाऊ के एडिटर-इन-चीफ अर्णब गोस्वामी का यह आलेख अंग्रेजी वेबसाइट 'द हाफिंगटन पोस्ट' में पोस्ट हुआ है। समाचार4मीडिया ने इस आलेख का हिंदी में अनुवाद किया है। आप इसका मूल लेख नीचे दी वेबसाइट के जरिए पढ़ सकते हैं )
***
साभार- समाचार4मीडिया एवँ द हाफिंगटन पोस्ट से
लिंक http://www.huffingtonpost.in/arnab-goswami/vinod-mehta-was-the-edito_b_6825998.html
प्रो. कनेरिया कुमकुम मोहंती का चयन
भोपाल । राज्य शासन ने वर्ष 2012-13 के कालिदास सम्मान घोषित कर दिये हैं। रूपंकर कलाओं का कालिदास सम्मान प्रसिद्ध चित्रकार डॉ. राघव कनेरिया (बड़ौदा) एवं शास्त्रीय नृत्य का सम्मान ख्यात ओडिसी नृत्यांगना गुरु कुमकुम मोहन्ती (कटक) को प्रदान किया जायेगा।
प्रो. राघव कनेरिया देश के ख्यातिप्राप्त चित्रकार हैं। उन्होंने फाइन आर्टस में एम.ए. की शिक्षा रॉयल कॉलेज ऑफ आर्टस लंदन से प्राप्त की है। उनकी अनेक एकल चित्र प्रदर्शनियाँ देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी प्रदर्शित हुई हैं। प्रो. राघव ललित कला अकादमी अवार्ड, कला-रत्न अवार्ड, बाम्बे आर्ट सोसायटी अवार्ड, सर राबर्ट सेन्सबरी अवार्ड से सम्मानित हुए हैं।
गुरु कुमकुम मोहन्ती ओडिसी की ख्यात नृत्यांगना हैं। उन्होंने श्री केलुचरण महापात्र के सान्निध्य में नृत्य की शिक्षा प्राप्त की है। उन्हें अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं, जिनमें भारत सरकार से प्राप्त पद्मश्री एवं नाट्य अकादमी अवार्ड शामिल हैं।
श्री अविनाश कौल बने टीवी 18 के अध्यक्ष
एईटीएन 18 संचालक मंडल ने अविनाश कौल को ए+ई नेटवर्क टीवी 18 का अध्यक्ष नियुक्त किया है। कौल इस संयुक्त उपक्रम के रोजाना के कार्यकलापों,प्लानिंग और इसके वित्तीय प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा वह आईबीएन नेटवर्क के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे।
इस मौके पर नेटवर्क 18 के समूह सीईओ एपी परिगि ने कहा, ‘ए+ई नेटवर्क टीवी 18 एक नई ऊंचाई को छू रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि अविनाश कौल के नेतृत्व में कंपनी काफी आगे बढ़ेगी। उन्होंने अपने अनुशासन व कर्मठता से अपनी काबिलियत को सिद्ध किया है और बेहतर परिणाम भी दिलाए हैं।’
ए+ई नेटवर्क के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी उपाध्यक्ष सी कोहन ने कहा, ‘अविनाश का मीडिया का अनुभव, दूरदर्शिता और भारतीय मार्केट की जानकारी इस वेंचर के लिए काफी फायदेमंद रहेगी। उनके नेतृत्व में हम काफी मजबूत स्थिति में होंगे और भारत में बेहतर ऐंटरटेनमेंट सर्विस उपलब्ध कराएंगे।’
वहीं अविनाश कौल ने कहा, ‘यह जिम्मेदारी मिलने पर मैं खुद को काफी सम्मनित महसूस कर रहा हूं और मैं भारत के बड़े ऐंटरटेनमेंट ग्रुप को तैयार करने के लिए बिजनेस और कंटेंट टीम के साथ मिलकर काम करूंगा।’ अपने 16 साल के कैरियर में कौल को न्यूज, ऐंटरटेनमेंट, मूवी और लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में सेल्स,मार्केटिंग और जनरल मैनेजमेंट का काफी अनुभव है। इससे पहले कौल बीसीसीएल के टीवी विभाग के मुख्य कार्यकारि अधिकारी थे।
इंटरनेट की गंदगी से यू ट्यूब बचाएगा बच्चों को
गूगल की विडियो शेयरिंग वेबसाइट यू-ट्यूब बच्चों के लिए एक विशेष ऐप ‘यू-ट्यूब किड्स‘ लॉन्च कर दिया है। इस ऐप की मदद से पैरंट्स उस कन्टेंट पर लगाम लगा सकेंगे, जो बच्चों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। गूगल और अन्य सर्च इंजन पर आजकल फेवरेट विडियोज और गेम्स को डाउनलोड करना बेहद आसान हो गया है, लेकिन कई पर सर्च इंजन पर कोई खास शब्द टाइप करने से ही कई अश्लील कन्टेंट भी सामने आ जाते हैं।
एक्सपर्ट की मानें तो छोटी उम्र में अगर बच्चों के इंटरनेट सर्च पर सावधानी नहीं बरती गई तो आगे चलकर यह खतरनाक साबित हो सकता है। यू-ट्यूब किड्स इस नजरिए से पैरंट्स की मुश्किल आसान कर सकता है। इस ऐप के आने के बाद फेसबुक और ट्विटर जैसी साइट्स भी अडल्ट कॉन्टेंट को रोकने के लिए कई नए फीचर्स ला सकती हैं।
बता दें कि यह फ्री ऐप केवल गूगल के एंड्रॉएड डिवाइसेस में ही उपयोग किया जा सकेगा।
यूट्यूब प्रोडक्स मैनेजर शिमरिट बेन-येर ने बताया कि यूट्यूब के विडियो को देखने में हर साल 50 फीसदी से ज्यादा दर्शकों में वृद्धि हो रही है। बेन-येर ने कहा, ‘हमेशा अभिभावक उनसे कहते थे कि क्या यूट्यूब को आप हमारे बच्चों के लिए सुरक्षित कर सकते हैं।’
ऐप की खासियत
यू-ट्यूब किड्स पर 4 साल का बच्चा भी मनपसंद कन्टेंट सर्च कर सकता है। जरूरी नहीं कि बच्चा उस कन्टेंट की स्पेलिंग जानता हो,वायस सर्च से भी कन्टेंट ढूंढा जा सकता है। अगर बच्चा गलती से सेक्स या पॉर्न कन्टेंट सर्च करता है तो यह ऐप उसे कुछ और ढूंढने के लिए कहेगा। इस ऐप में पैरंट्स आसानी से बच्चे का टाइम निर्धारित कर सकते हैं कि वह कितनी देर इस ऐप पर ऐक्टिव रह सकता है।
टीवी रेडिओ पर इलयाराजा के गाने नहीं बजा सकते
मशहूर संगीतकार इलयाराजा के गाने बजाने वाले रेडियो और टेलिविजन चैनलों को दूसरा विकल्प तलाशना पड़ सकता है। इलया राजा ने एक बयान जारी कर कहा है कि अपने सभी गानों के अधिकार उनके पास सुरक्षित हैं और एफएम, टेलिविजन पर इन्हें बजाना व उनके संगीत को विडियो शेयरिंग साइट्स पर अपलोड करना गैरकानूनी है।
गौरतलब है कि इलायराजा ने 1001 फिल्मों के लिए गाने कंपोज किए हैं। इलयाराजा ने कहा, ‘मेरे गानों को बजाने से पहले FM चैनल और दूसरे माध्यमों को इसके अधिकार मुझसे खरीदने होंगे। जिन निर्माताओं ने गीतकारों व गायकों के साथ डील की है, मैं उनसे अपना शेयर लेने की योजना बना रहा हूं।’ उनका यह भी मानना है कि इससे बौद्धिक संपदा के अधिकारों को लेकर बहस छिड़ेगी।
इलयाराजा ने कहा, ‘अदालत ने इस संबंध में दायर वादी के तर्कों को खारिज कर दिया था। ये गाने मेरे हैं और मुझे इनकी फीस प्राप्त करने का पूरा अधिकार है।’ उन्होंने कहा कि जो लोग उनके गानों के अधिकार प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें उनके पास या प्रोड्यूसरों की काउंसिल के पास जाना चाहिए।
मॉरीशस में मोदीजी ने रखी विश्व हिन्दी सचिवालय की आधारशिला
द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए मॉरीशस यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वहां विश्व हिंदी सचिवालय की आधारशिला रखी। पीएम ने पोर्ट लुई में भाषण देते हुए कहा,'150 साल पहले हमारे पूर्वज मॉरीशस में हिंदी भाषा लेकर आए। इस तरह से भारत की संस्कृति को भी वे अपने साथ लाए थे। मॉरीशस ने हिंदी साहित्य की बहुत सेवा की है और यहां का अपना हिंदी साहित्य है।'
पीएम ने आगे कहा, भाषा की अपनी एक ताकत होती है। भाषा भाव की अभिव्यक्ति का बहुत बड़ा माध्यम है। मातृ भाषा सीधे दिल से निकलती है, जबकि अन्य भाषा को बोलने में दिमाग लगता है। यहां लघु भारत देखकर अपनेपन का एहसास हुआ है। यहां की हिंदी में मजदूरों के पसीने की महक है। उन्होंने कहा कि भारत की मदद से विश्व हिंदी सचिवालय भी बना।
इससे पूर्व उन्होंने वहां 'गंगा तलाव' जाकर पूजा-अर्चना की। यहां शिवलिंग की पूजा करने के बाद पीएम ने तलाव में गंगा जल भी प्रवाहित किया। गंगा तलाव पोर्टलुई से करीब 50 किलोमीटर दूर पहाड़ियों की गोद में स्थित है। थोड़ी देर बाद वे मॉरीशस की संसद को संबोधित करते हुए भारत से रिश्तों की मधुरता के लिए अपना विजन उनके सामने रखेंगे। पीएम मॉरीशस के राष्ट्रीेय दिवस समारोह के मुख्य अतिथि हैं। यह उनके दौरे का आज दूसरा और आखिरी दिन है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगनाथ के साथ दोनों देशों के बीच समुद्री अर्थव्यवस्था सहित पांच समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए। समझौतों पर हस्ताक्षर करते हुए मोदी ने कहा कि वह मॉरीशस के असैन्य इ्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए 50 करोड़ डॉलर के रियायती कर्ज की पेशकश कर काफी खुश हैं। भारत की मंशा मॉरीशस में जल्द से जल्द पेट्रोलियम भंडारण हेतु गोदाम बनाने की भी है।
इसके अलावा भारत ने अहम इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए मॉरीशस को 50 करोड़ डॉलर का रियायती कर्ज देने की पेशकश भी की है। वहीं दोनों देश दोहरा कराधान समझौते की समीक्षा पर सहमत हुए हैं ताकि उसका दुरुपयोग रोका जा सके।
प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव का आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को खुला पत्र
प्यारे दोस्तों,
हमें पता है कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं से देश और दुनिया भर के आप सभी कार्यकर्ताओं के दिल को बहुत ठेस पहुँची है. दिल्ली चुनाव की ऐतिहासिक विजय से पैदा हुआ उत्साह भी ठंडा सा पड़ता जा रहा है. आप ही की तरह हर वालंटियर के मन में यह सवाल उठ रहा है कि अभूतपूर्व लहर को समेटने और आगे बढ़ने की इस घड़ी में यह गतिरोध क्यों? कार्यकर्ता यही चाहते हैं कि शीर्ष पर फूट न हो, कोई टूट न हो. जब टीवी और अखबार पर पार्टी के शीर्ष नेताओं में मतभेद की खबरें आती हैं, आरोप-प्रत्यारोप चलते हैं, तो एक साधारण वालंटियर असहाय और अपमानित महसूस करता है. इस स्थिति से हम भी गहरी पीड़ा में हैं.
पार्टी-हित और आप सब कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए हम दोनों ने पिछले दस दिनों में अपनी तरफ से इस आरोप-प्रत्यारोप की कड़ी में कुछ भी नहीं जोड़ा. कुछ ज़रूरी सवालों के जवाब दिए, लेकिन अपनी तरफ से सवाल नहीं पूछे. हमने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बार-बार यही अपील की कि पार्टी में आस्था बनाये रखें. व्यक्तिगत रूप से हम सबकी सीमाएं होती हैं लेकिन संगठन में हम एक-दूसरे की कमी को पूरा कर लेते हैं. इसीलिए संगठन बड़ा है और हममें से किसी भी व्यक्ति से ज्यादा महत्वपूर्ण है. इसी सोच के साथ हमने आज तक पार्टी में काम किया है और आगे भी काम करते रहेंगे.
लेकिन कल चार साथियों (सर्वश्री मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, गोपाल राय और पंकज गुप्ता) के सार्वजनिक बयान के बाद हम अपनी चुप्पी को बहुत ही भारी मन से तोड़ने पर मजबूर हैं. राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बहुमत की राय मुखरित करने वाले इस बयान को पार्टी के मीडिया सेल की ओर से प्रसारित किया गया, और पार्टी के आधिकारिक फेसबुक, ट्विटर और वेबसाइट पर चलाया गया. ऐसे में यदि अब हम चुप रहते हैं तो इसका मतलब यही निकाला जायेगा कि इस बयान में लगाये गए आरोपों में कुछ न कुछ सच्चाई है. इसलिए हम आप के सामने पूरा सच रखना चाहते हैं.
आगे बढ़ने से पहले एक बात स्पष्ट कर दें. उपरोक्त बयान में हम दोनों के साथ शांति भूषण जी को भी जोड़ कर कुछ आरोप लगाये गए हैं. जैसा कि सर्वविदित है, दिल्ली चुनाव से पहले शांति भूषण जी ने कई बार ऐसे बयान दिए जिससे पार्टी की छवि और पार्टी की चुनावी तैयारी को नुकसान हो सकता था. उनके इन बयानों से पार्टी के कार्यकर्ताओं में निराशा और असंतोष पैदा हुआ. ऐसे मौकों पर हम दोनों ने शांति भूषण जी के बयानों से सार्वजनिक रूप से असहमति ज़ाहिर की थी. चूँकि इन मुद्दों पर हम दोनों की राय शांति भूषण जी से नहीं मिलती है, इसलिए बेहतर होगा कि उनसे जुड़े प्रश्नों के उत्तर उनसे ही पूछे जाये.
इससे जुड़ी एक और मिथ्या धारणा का खंडन शुरू में ही कर देना जरूरी है. पिछले दो हफ्ते में बार-बार यह प्रचार किया गया है कि यह सारा मतभेद राष्ट्रीय संयोजक के पद को लेकर है. यह कहा गया कि अरविंद भाई को हटाकर योगेन्द्र यादव को संयोजक बनाने का षड्यंत्र चल रहा था. सच ये है कि हम दोनों ने आज तक किसी भी औपचारिक या अनौपचारिक बैठक में ऐसा कोई जिक्र नहीं किया. जब 26 फरवरी की बैठक में अरविंद भाई के इस्तीफे का प्रस्ताव आया तब हम दोनों ने उनके इस्तीफे को नामंजूर करने का वोट दिया. और कुछ भी मुद्दा हो, राष्ट्रीय संयोजक का पद न तो मुद्दा था, न है.
यह सच जानने के बाद सभी वालंटियर पूछते हैं “अगर राष्ट्रीय संयोजक पद पर विवाद नहीं था तो आखिर विवाद किस बात का? इतना गहरा मतभेद शुरू कैसे हुआ?” हमने यथासंभव इस सवाल पर चुप्पी बनाये रखी, ताकि बात घर की चारदीवारी से बाहर ना जाए. लेकिन अब हमें महसूस होता है कि जब तक आपको यह पता नहीं लगेगा तब तक आपके मन में भी संदेह और अनिश्चय पैदा हो सकता है. इसलिए हम नीचे उन मुख्य बातों का ज़िक्र कर रहे हैं जिनके चलते पिछले दस महीनो में अरविन्द भाई और अन्य कुछ साथियों से हमारे मतभेद पैदा हुए. आप ही बताएं, क्या हमें यह मुद्दे उठाने चाहिए थे या नहीं?
1. लोक-सभा चुनाव के परिणाम आते ही अरविंद भाई ने प्रस्ताव रखा कि अब हम दुबारा कॉंग्रेस से समर्थन लेकर दिल्ली में फिर से सरकार बना लें. समझाने-बुझाने की तमाम कोशिशों के बावजूद वे और कुछ अन्य सहयोगी इस बात पर अड़े रहे. दिल्ली के अधिकाँश विधायकों ने उनका समर्थन किया. लेकिन दिल्ली और देश भर के जिस-जिस कार्यकर्ता और नेता को पता लगा, अधिकांश ने इसका विरोध किया, और पार्टी छोड़ने तक की धमकी दी. पार्टी ने हाई कोर्ट में विधानसभा भंग करने की मांग कर रखी थी. यूँ भी कॉंग्रेस पार्टी लोक सभा चुनाव में जनता द्वारा खारिज की जा चुकी थी. ऐसे में कॉंग्रेस के साथ गठबंधन पार्टी की साख को ख़त्म कर सकता था. हमने पार्टी के भीतर यह आवाज़ उठाई. यह आग्रह भी किया कि ऐसा कोई भी निर्णय पी.ए.सी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की राय के मुताबिक़ किया जाए. लेकिन लेफ्टिनेंट गवर्नर को चिट्ठी लिखी गयी और सरकार बनाने की कोशिश हुई. यह कोशिश विधान सभा के भंग होने से ठीक पहले नवंबर माह तक चलती रही. (यहाँ व इस चिठ्ठी में कई और जगह हम पार्टी हित में कुछ गोपनीय बातें सार्वजनिक नहीं कर रहे हैं) हम दोनों ने संगठन के भीतर हर मंच पर इसका विरोध किया. इसी प्रश्न पर सबसे गहरे मतभेद की बुनियाद पड़ी. यह फैसला हम आप पर छोड़ते हैं कि यह विरोध करना उचित था या नहीं. अगर उस समय पार्टी कॉंग्रेस के साथ मिलकर सरकार बना लेती तो क्या हम दिल्ली की जनता का विश्वास दोबारा जीत पाते?
2. लोक सभा चुनाव का परिणाम आते ही सर्वश्री मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आशुतोष ने एक अजीब मांग रखनी शुरू की. उन्होंने कहा कि हार की जिम्मेवारी लेते हुए पी.ए.सी के सभी सदस्य अपना इस्तीफा अरविन्द भाई को सौंपे, ताकि वे अपनी सुविधा से नयी पी.ए.सी का गठन कर सके. राष्ट्रीय कार्यकारिणी को भंग करने तक की मांग उठी. हम दोनों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर इसका कड़ा विरोध किया. (योगेन्द्र द्वारा पी. ए. सी. से इस्तीफे की पेशकश इसी घटना से जुडी थी) अगर हम ऐसी असंवैधानिक चालों का विरोध न करते तो हमारी पार्टी और कांग्रेस या बसपा जैसी पार्टी में क्या फरक रह जाता ?
3. महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखण्ड और जम्मू-कश्मीर में पार्टी के चुनाव लड़ने के सवाल पर पार्टी की जून माह की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पार्टी कार्यकर्ताओं का मत जानने का निर्देश दिया गया था. कार्यकर्ताओं का मत जानने के बाद हमारी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बहुमत की यह राय थी कि राज्यों में चुनाव लड़ने का फैसला राज्य इकाई के विवेक पर छोड़ देना चाहिए. यह अरविन्द भाई को मंज़ूर ना था. उन्होंने कहा कि अगर कहीं पर भी पार्टी चुनाव लड़ी तो वे प्रचार करने नहीं जायेंगे. उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी को अपना फैसला पलटना पड़ा, और राज्यों में चुनाव न लड़ने का फैसला हुआ. आज यह फैसला सही लगता है, उससे पार्टी को फायदा हुआ है. लेकिन सवाल यह है कि भविष्य में ऐसे किसी फैसले को कैसे लिया जाय? क्या स्वराज के सिद्धांत में निष्ठा रखने वाली हमारी पार्टी में राज्यों की स्वायतता का सवाल उठाना गलत है?
4. जुलाई महीने में जब कॉंग्रेस के कुछ मुस्लिम विधायकों के बीजेपी में जाने की अफवाह चली, तब दिल्ली में मुस्लिम इलाकों में एक गुमनाम साम्प्रदायिक और भड़काऊ पोस्टर लगा. पुलिस ने आरोप लगाया कि यह पोस्टर पार्टी ने लगवाया था. श्री दिलीप पांडे और दो अन्य वालंटियर को आरोपी बताकर इस मामले में गिरफ्तार भी किया. इस पोस्टर की जिम्मेदारी पार्टी के एक कार्यकर्ता श्री अमानतुल्लाह ने ली, और अरविन्द भाई ने उनकी गिरिफ़्तारी की मांग की (बाद में उन्हें ओखला का प्रभारी और फिर पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया) योगेन्द्र ने सार्वजनिक बयान दिया कि ऐसे पोस्टर आम आदमी पार्टी की विचारधारा के खिलाफ हैं. साथ ही विश्वास जताया कि इस मामले में गिरफ्तार साथियों का इस घटना से कोई सम्बन्ध नहीं है. पार्टी ने एक ओर तो कहा कि इन पोस्टर्स से हमारा कोई लेना देना नहीं है, लेकिन दूसरी ओर योगेन्द्र के इस बयान को पार्टी विरोधी बताकर उनके खिलाफ कार्यकर्ताओं में काफी विष-वमन किया गया. आप ही बताइये, क्या ऐसे मुद्दे पर हमें चुप रहना चाहिए था?
5. अवाम नामक संगठन बनाने के आरोप में जब पार्टी के कार्यकर्ता करन सिंह को दिल्ली इकाई ने निष्काषित किया, तो करन सिंह ने इस निर्णय के विरुद्ध राष्ट्रीय अनुशासन समिति के सामने अपील की, जिसके अध्यक्ष प्रशांत भूषण हैं. करन सिंह के विरुद्ध पार्टी-विरोधी गतिविधियों का एक प्रमाण यह था कि उन्होंने पार्टी वालंटियरों को एक एस.एम.एस भेजकर बीजेपी के साथ जुड़ने का आह्वान किया था. करन सिंह की दलील थी कि यह एस.एम्.एस फर्जी है, जिसे कि पार्टी पदाधिकारियों ने उसे बदनाम करने के लिए भिजवाया था. अनुशासन समिति का अध्यक्ष होने के नाते प्रशांत भूषण ने इस मामले की कड़ी जांच पर ज़ोर दिया, लेकिन पार्टी के पदाधिकारी टाल-मटोल करते रहे. अंततः करन सिंह के अनुरोध पर पुलिस ने जाँच की और एस.एम.एस वाकई फर्ज़ी पाया गया. पता लगा की यह एस.एम.एस दीपक चौधरी नामक वालंटियर ने भिजवाई थी. जाँच को निष्पक्ष तरीके से करवाने की वजह से उल्टे प्रशांत भूषण पर आवाम की तरफदारी का आरोप लगाया गया. इसमे कोई शक नहीं कि बाद में अवाम पार्टी विरोधी कई गतिविधियों में शामिल रहा, लेकिन आप ही बताइए अगर कोई कार्यकर्ता अनुशासन समिति में अपील करे तो उसकी निष्पक्ष सुनवाई होनी चाहिए या नहीं?
6. जब दिल्ली चुनाव में उम्मीदवारों का चयन होने लगा तब हम दोनों के पास पार्टी कार्यकर्ता कुछ उम्मीदवारों की गंभीर शिकायत लेकर आने लगे. शिकायत यह थी कि चुनाव जीतने के दबाव में ऐसे लोगों को टिकट दिया जा रहा था जिनके विरुद्ध संगीन आरोप थे, जिनका चरित्र बाकी पार्टियों के नेताओं से अलग नहीं था. शिकायत यह भी थी की पुराने वालंटियर को दरकिनार किया जा रहा था और टिकट के बारे में स्थानीय कार्यकर्ताओं की बैठक में धांधली हो रही थी. ऐसे में हम दोनों ने यह आग्रह किया कि सभी उम्मीदवारों के बारे में पूरी जानकारी पहले पी.ए.सी और फिर जनता को दी जाये, ऐसे उम्मीदवारों की पूरी जाँच होनी चाहिए और अंतिम फैसला पी.ए.सी में विधिवत चर्चा के बाद लिया जाना चाहिए, जैसा कि हमारे संविधान में लिखा है. क्या ऐसा कहना हमारा फ़र्ज़ नहीं था? ऐसे में हमारे आग्रह का सम्मान करने की बजाय हमपर चुनाव में अड़ंगा डालने का आरोप लगाया गया. अंततः हमारे निरंतर आग्रह की वजह से उम्मीदवारों के बारे में शिकायतों की जांच कि समिति बनी. फिर बारह उम्मीदवारों की लोकपाल द्वारा जाँच हुई, दो के टिकट रद्द हुए, चार को निर्दोष पाया गया और बाकि छह को शर्त सहित नामांकन दाखिल करने दिया गया. आप ही बताइए, क्या आप इसे पार्टी की मर्यादा और प्रतिष्ठा बचाए रखने का प्रयास कहेंगे याकि पार्टी-विरोधी गतिविधि?
इन छह बड़े मुद्दों और अनेक छोटे-बड़े सवालों पर हम दोनों ने पारदर्शिता, लोकतंत्र और स्वराज के उन सिद्धांतों को बार-बार उठाया जिन्हें लेकर हमारी पार्टी बनी थी. हमने इन सवालों को पार्टी की चारदीवारी के भीतर और उपयुक्त मंच पर उठाया। इस सब में कहीं पार्टी को नुकसान न हो जाये, इसीलिए हमने दिल्ली चुनाव पूरा होने तक इंतज़ार किया और 26 फरवरी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में एक नोट के जरिये कुछ प्रस्ताव रखे. हमारे मुख्य प्रस्ताव ये थे-
1. पार्टी में नैतिक मूल्यों की रक्षा के लिए एक समीति बने, जो दो करोड़ वाले चेक और हमारे उम्मीदवार द्वारा शराब रखने के आरोप जैसे मामलों की गहराई से जाँच करे ताकि ऐसे गंभीर आरोपों पर हमारी पार्टी का जवाब भी बाकी पार्टियों की तरह गोलमोल न दिखे.
2. राज्यों के राजनैतिक निर्णय, कम से कम स्थानीय निकाय के चुनाव के निर्णय, खुद राज्य इकाई लें. हर चीज़ दिल्ली से तय न हो.
3. पार्टी के संस्थागत ढाँचे, आतंरिक लोकतंत्र का सम्मान हो और पी.ए.सी एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठकें नियमित और विधिवत हों.
4. पार्टी के निर्णयों में वालंटियर्स की आवाज़ सुनने और उसका सम्मान करने की पर्याप्त व्यवस्था हो.
हमने इन संस्थागत मुद्दों को उठाया और इसके बदले में हमें मिले मनगढंत आरोप. हमने पार्टी की एकता और उसकी आत्मा दोनों को बचाने का हर संभव प्रयास किया और हम ही पर पार्टी को नुकसान पंहुचाने का आरोप लगा. आरोप ये कि हम दोनों पार्टी को हरवाने का षड्यंत्र रच रहे थे, कि हम पार्टी के विरुद्ध दुष्प्रचार कर रहे थे, कि हम संयोजक पद हथियाने का षड्यंत्र कर रहे थे. आरोप इतने हास्यास्पद हैं कि इनका जवाब देने की इच्छा भी नहीं होती. यह भी लगता है कि कहीं इनका जवाब देने से इन्हें गरिमा तो नहीं मिल जायेगी. फिर भी, क्यूंकि इन्हें बार-बार दोहराया गया है इसलिए कुछ तथ्यों की सफाई कर देना उपयोगी रहेगा ताकि आपके के मन में संदेह की गुंजाइश ना बचे. (पत्र लम्बा न हो जाये इसलिए हम यहाँ प्रमाण नहीं दे रहे हैं. कुछ दस्तावेज योगेन्द्र की फेसबुक https://www.facebook.com/AapYogendra पर उपलब्ध हैं)
एक आरोप यह था की प्रशांत भूषण ने दिल्ली चुनाव में पार्टी को हरवाने की कोशिश की. दिल्ली चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के बारे में जो सच्चाई ऊपर बताई जा चुकी है, इसे लेकर प्रशांत भूषण का मन बहुत खिन्न था. प्रशांत कतई नहीं चाहते थे की पार्टी अपने उसूलों के साथ समझौता करके चुनाव जीते. उनका कहना था कि गलत रास्ते पर चलकर चुनाव जीतना पार्टी को अंततः बर्बाद और ख़त्म कर देगा. उससे बेहतर ये होगा कि पार्टी अपने सिद्धांतों पर टिकी रहे, चाहे उसे अल्पमत में रहना पड़े. उन्हें यह भी डर था अगर पार्टी को बहुमत से दो-तीन सीटें नीचे या ऊपर आ गयी तो वह जोड़-तोड़ के खेल का शिकार हो सकती है, पार्टी के ही कुछ संदेहास्पद उम्मीदवार पार्टी को ब्लेकमेल करने की कोशिश कर सकते हैं. ऐसी भावनाएं व्यक्त करना और पार्टी को हराने की दुआ या कोशिश करना, ये दो बिलकुल अलग-अलग बातें हैं. योगेन्द्र ने पार्टी को कैसे नुक्सान पंहुचाया, इसका कोई खुलासा आरोप में नहीं किया गया है. जैसा कि हर कोई जानता है, इस चुनाव में योगेन्द्र ने 80 से 100 के बीच जनसभाएं कीं, हर रोज़ मीडिया को संबोधित किया, चुनावी सर्वे किये और भविष्यवाणी की और कार्यकर्ताओं को फोने और गूगल हैंगआउट किये.
एक दूसरा आरोप यह है कि प्रशांत भूषण ने पार्टी के खिलाफ प्रेस कौन्फेरेंस करने की धमकी दी. सच यह है कि उम्मीदवारों के चयन से खिन्न प्रशांत ने कहा था कि यदि पार्टी उम्मीदवारों के चरित्र के जाँच की संतोषजनक व्यवस्था नहीं करती है तो उन्हें मजबूरन इस मामले को सार्वजनिक करना पड़ेगा. ऐसे में, योगेन्द्र यादव सहित पार्टी के पंद्रह वरिष्ठ साथियों ने प्रशांत के घर तीन दिन की बैठक की. फैसला हुआ कि संदेह्ग्रस्त उम्मीदवारों की लोकपाल द्वारा जाँच की जायेगी और लोकपाल का निर्णय अंतिम होगा. यही हुआ और लोकपाल का निर्णय आने पर हम दोनों ने उसे पूर्णतः स्वीकार भी किया. पार्टी को तो फख्र होना चाहिए कि देश में पहली बार किसी पार्टी ने एक स्वतंत्र व्यवस्था बना कर अपने उम्मीदवारों की जाँच की.
एक और आरोप यह भी है कि योगेन्द्र ने चंडीगढ़ में पत्रकारों के साथ एक ब्रेकफास्ट मीटिंग में “द हिन्दू” अखबार को यह सूचना दी कि हरियाणा चुनाव का फैसला करते समय राष्ट्रीय कार्यकारिणी के निर्णय का सम्मान नहीं किया गया. यह आरोप एक महिला पत्रकार ने टेलीफोन वार्ता में लगाया, जिसे गुप्त रूप से रिकॉर्ड भी किया गया. लेकिन इस कथन के सार्वजनिक होने के बाद उसी बैठक में मौजूद एक और वरिष्ठ पत्रकार, श्री एस पी सिंह ने लेख लिखकर खुलासा किया कि उस बैठक में योगेन्द्र ने ऐसी कोई बात नहीं बतायी थी. उन्होंने पूछा है कि अगर ऐसी कोई भी बात बताई होती, तो बाकी के तीन पत्रकार जो उस नाश्ते पर मौजूद थे उन्होंने यह खबर क्यों नहीं छापी? उनके लेख का लिंक http://www.caravanmagazine.in/…/indian-express-yogendra-yad… है. आरोप यह भी है कि दिल्ली चुनाव के दौरान कुछ अन्य संपादकों को योगेन्द्र ने पार्टी-विरोधी बात बताई. यदि ऐसा है तो उन संपादकों के नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किये जाते?
फिर एक आरोप यह भी है कि प्रशांत और योगेन्द्र ने आवाम ग्रुप को समर्थन दिया. ऊपर बताया जा चुका है कि प्रशांत ने अनुशासनसमिति के अध्यक्ष के नाते आवाम के करन सिंह के मामले में निष्पक्ष जाँच का आग्रह किया. एक जज के काम को अनुशासनहीनता कैसे कहा जा सकता है? योगेन्द्र के खिलाफ इस विषय में कोई प्रमाण पेश नहीं किया गया. उल्टे, आवाम के लोगों ने योगेन्द्र पर ईमेल लिख कर आरोप लगाए जिसका योगेन्द्र ने सार्वजनिक जवाब दिया था. जब आवाम ने चुनाव से एक हफ्ता पहले पार्टी पर झूठे आरोप लगाये तो इन आरोपों के खंडन में सबसे अहम् भूमिका योगेन्द्र ने निभायी.
फिर भी चूंकि यह आरोप लगाये गए हैं, तो उनकी जांच जरूर होनी चाहिए. पार्टी का विधान कहता है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के खिलाफ किसी भी आरोप की जाँच पार्टी के राष्ट्रीय लोकपाल कर सकते हैं. स्वयं लोकपाल ने चिट्ठी लिखकर कहा है कि वे ऐसी कोई भी जाँच करने के लिए तैयार हैं. हम दोनों लोकपाल से अनुरोध कर रहे हैं कि वे इन चारों साथियों के आरोपों की जांच करें. अगर लोकपाल हमें दोषी पाते हैं तो उनके द्वारा तय की गयी किसी भी सज़ा को हम स्वीकार करेंगे. लेकिन हमें यह समझ नहीं आता कि पार्टी विधान के तहत जांच करवाने की बजाय ये आरोप मीडिया में क्यों लगाये जा रहे हैं?
साथियों, यह घड़ी पार्टी के लिए एक संकट भी है और एक अवसर भी. इतनी बड़ी जीत के बाद यह अवसर है बड़े मन से कुछ बड़े काम करने का. यह छोटे छोटे विवादों और तू-तू मैं-मैं में उलझने का वक़्त नहीं है. पिछले कुछ दिनों के विवाद से कुछ निहित स्वार्थों को फायदा हुआ है और पार्टी को नुकसान. उससे उबरने का यही तरीका है कि सारे तथ्य सभी कार्यकर्ताओं के सामने रख दिए जाएँ. यह पार्टी कार्यकर्ताओं के खून-पसीने से बनी है. अंततः आप वालंटियर ही ये तय करेंगे कि क्या सच है क्या झूठ. हम सब राजनीति में सच्चाई और इमानदारी का सपना लेकर चले थे. आप ही फैसला कीजिये कि क्या हमने सच्चाई, सदाचार और स्वराज के आदर्शों के साथ कहीं समझौता किया? आपका फैसला हमारे सर-माथे पर होगा.
आप सब तक पहुँचाने के लिए हम यह चिठ्ठी मीडिया को दे रहे हैं. हमारी उम्मीद है कि पार्टी अल्पमत का सम्मान करते हुए इस चिठ्ठी को भी उसी तरह प्रसारित करेगी जैसे कल अन्य चार साथियों के बयान को प्रसारित किया था. लेकिन हम मीडिया में चल रहे इस विवाद को और आगे नहीं बढ़ाना चाहते. हम नहीं चाहते कि मीडिया में पार्टी की छीछालेदर हो. इसलिए इस चिठ्ठी को जारी करने के बाद हम फिलहाल मौन रहना चाहते हैं. हम अपील करते हैं कि पार्टी के सभी साथी अगले कुछ दिन इस मामले में मौन रखें ताकि जख्म भरने का मौका मिले, कुछ सार्थक सोचने का अवकाश मिले.
दोस्तों, अरविन्द भाई स्वस्थ्य लाभ के लिए बंगलूर में हैं. सबकी तरह हमें भी उनके स्वस्थ्य की चिंता है. आज अरविन्द भाई सिर्फ पार्टी के निर्विवाद नेता ही नहीं, देश में स्वच्छ राजनीती के प्रतीक है. पार्टी के सभी कार्यकर्ता चाहते हैं की वे पूरी तरह स्वस्थ होकर दिल्ली और देश के प्रति अपनी जिम्मेवारियों को निभा सकें. हमें विश्वास है कि वापिस आकर अरविन्द भाई पार्टी में बन गए इस गतिरोध का कोई समाधान निकालेंगे जिससे पार्टी की एकता और आत्मा दोनों बची रहें. हम दोनों आप सब को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि हम सिद्धांतों से समझौता किये बिना पार्टी को बचने की किसी भी कोशिश में हर संभव सहयोग देंगे, हमने अब तक अपनी तरफ से बीच बचाव की हर कोशिश की है, और ऐसी हर कोशिश का स्वागत किया है. जो भी हो, हम अहम को आड़े नहीं आने देंगे. हम दोनों किसी पद पर रहे या ना रहे ये मुद्दा ही नहीं है. बस पार्टी अपने सिद्धांतों और लाखों कार्यकर्ताओ के सपनों से जुडी रहे, यही एकमात्र मुद्दा है. हम दोनों पार्टी अनुशासन के भीतर रहकर पार्टी के लिए काम करते रहेंगे.
आपके
प्रशांत भूषण , योगेन्द्र यादव
Prashantbhush@gmail.com
Yogendra.yadav@gmail.com